Headlines

कोडरमा में साधु बनकर ठगों ने मंगलसूत्र और नकदी लूटी:हाथ में मिट्टी देते ही मंगलसूत्र गायब, 50 हजार रुपए भी छीने; पुलिस जांच में जुटी




कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के गड़गी गांव में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। सोमवार को साधु के भेष में आए दो ठग महिलाओं को झांसा देकर जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। दोनों ठगों ने सफेद कपड़े पहने थे। वे गांव में घर-घर घूमकर पैसे मांग रहे थे। घटना के बाद ग्रामीणों ने उनकी तलाश की, लेकिन वे नहीं मिले। सोमवार दोपहर को दोनों ठग गड़गी गांव के टाइगर क्लब इलाके में पहुंचे। वे सहदेव यादव के घर गए, जहां उस समय कोई पुरुष सदस्य नहीं था। घर में पूजा देवी तीज पूजा के लिए मंदिर जाने की तैयारी कर रही थीं। ठगों ने उनसे भीख मांगी। पूजा देवी ने उन्हें 10 रुपए दिए और पानी पिलाने लगीं। इसी दौरान ठगों ने उनके गले में पहने मंगलसूत्र के बारे में पूछा। जब पूजा देवी ने बताया कि मंगलसूत्र सोने का है, तो एक ठग ने जमीन से मिट्टी उठाई। उसने मिट्टी को कागज में रखकर पूजा देवी के हाथ में दे दिया। इसी दौरान दूसरे ठग ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र निकाल लिया। इसी परिवार की कंचन देवी ने भी दोनों ठगों पर 50 हजार रुपए नकद छीनकर भागने का आरोप लगाया है। इस तरह एक ही परिवार की दो महिलाओं को अलग-अलग तरीके से ठगा गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने ठगों की तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने उन्हें टाइगर क्लब से पानी टंकी की ओर जाते देखा था। बाद में पता चला कि उन्होंने एक बाइक सवार से लिफ्ट मांगी और परसाबाद रेलवे फाटक से पहले स्टेशन जाने वाले रास्ते पर उतर गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक ही इलाके में साधु के वेश में पहुंचे दो संदिग्धों द्वारा दो गोतिनियों को कथित तौर पर झांसा देकर जेवर व नकदी लेकर फरार होने की घटना से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद घटना स्थल पर पहुंचे जयनगर थाना क्षेत्र के कटिया पिकेट प्रभारी शिवराज उराव और मामले की जानकारी लेते हुए जाँच मे जुट गयी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *