![]()
गौरेला में एथर एनर्जी कंपनी की इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी डीलरशिप दिलाने के नाम पर एक ऑटो पार्ट्स व्यापारी से 3 लाख 60 हजार 500 रुपए की साइबर ठगी हुई है। पीड़ित खुशीराम यादव ने गौरेला थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। खुशीराम यादव ग्राम अहिरानटोला बांधामूड़ा के रहने वाले हैं और रेस्ट हाउस रोड डीपूपाड़ा गौरेला में ‘बाबा ऑटो पार्ट्स’ नाम से दुकान चलाते हैं। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एथर एनर्जी की एजेंसी दिलाने का दिया झांसा खुशीराम यादव ने पुलिस को बताया कि 24 अगस्त 2026 को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया था। फोन करने वाले ने खुद को एथर एनर्जी कंपनी का प्रतिनिधि बताया और इलेक्ट्रिक स्कूटी की एजेंसी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद कई अलग-अलग नंबरों से लोगों ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने डीलरशिप की प्रक्रिया, रजिस्ट्रेशन और दूसरे शुल्कों के नाम पर पैसे जमा करने को कहा। ठगों के बताए खातों में चार बार भेजे पैसे ठगों के झांसे में आकर खुशीराम ने उनके बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने 28 अगस्त को 75,500 रुपए, 3 सितंबर को 2,000 रुपए, 4 सितंबर को 90,000 रुपए और 5 सितंबर को NEFT के जरिए 1,93,000 रुपए भेजे। कुल 3,60,500 रुपए लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो डीलरशिप दिलवाई और न ही पैसे लौटाए। तब खुशीराम को ठगी का अहसास हुआ। जब उन्होंने आरोपियों से संपर्क किया, तो वे टालमटोल करने लगे और बाद में अपने मोबाइल नंबर बंद कर लिए। ठगी का शिकार होने के बाद खुशीराम ने पुलिस से मदद मांगी। गौरेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
एथर की डीलरशिप के नाम पर 3.60 लाख की ठगी:गौरेला में ऑटो पार्ट्स कारोबारी से हुई धोखाधड़ी, पुलिस ने दर्ज किया मामला
