Headlines

बीकानेर में इंफ्लुएंसर बने पार्षद, हर रील पर लाखों व्यूज:चुनाव में ‘आजा सेब जीते… शुभजी जीते…’ गाना हुआ हिट, भाटी बोले-तुम सेब के ब्रांड एम्बेसडर




बीकानेर नगर निगम के वार्ड 44 में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने रील और चुनावी गाने से प्रचार कर 630 वोट से जीत दर्ज की। निर्दलीय शुभकरण गहलोत ने कांग्रेस के मनोज नागल को हराया, जबकि भाजपा के दीनदयाल स्वामी तीसरे नंबर पर रहे। चुनाव प्रचार में उनके ‘आजा सेव जीते… शुभजी जीते…’ गाने और 2-3 लाख व्यूज तक पहुंचने वाली रील्स की खूब चर्चा रही। जीत के 24 घंटे बाद उन्होंने ‘वार्ड मित्र 44’ पोर्टल भी शुरू कर दिया, जहां वार्डवासी अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। चुनाव चिन्ह ‘सेव’ मिला तो बनाया गाना, हर किसी की जुबान पर चढ़ा शुभकरण को चुनाव चिन्ह ‘सेव’ मिला था। इसके बाद उनकी टीम ने इसी चुनाव चिन्ह को केंद्र में रखकर गीत तैयार किया। गीत के बोल, संगीत और आवाज को बीकानेरी अंदाज में तैयार किया गया। ‘आजा सेव जीते… शुभजी जीते…’ बोल वाला यह गीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। चुनाव प्रचार के दौरान वार्ड में भी यह गीत लोगों की जुबान पर चढ़ गया। सोशल मीडिया के जरिए शुभकरण का चुनाव प्रचार लगातार लोगों तक पहुंचता रहा। हर रील में अलग अंदाज, पार्षद के अधिकार और भ्रष्टाचार पर किए सवाल शुभकरण ने चुनाव प्रचार के लिए लगातार रील बनाईं। इन रील में वे बीकानेरी अंदाज में लोगों से संवाद करते नजर आए। एक रील में उन्होंने कहा कि अगर वे चुनाव जीत गए तो लोगों को बताएंगे कि पार्षद की ताकत क्या होती है और उसके अधिकार क्या हैं। उन्होंने पार्षद के फंड और उसके इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए। शुभकरण ने कहा कि पार्षद के पास कितना फंड आता है और उसका उपयोग नहीं करने पर क्या दंड है, यह भी जनता को बताएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम में होने वाले काम को खुलकर जनता के सामने रखा जाएगा। जीतने पर नगर निगम में होने वाले भ्रष्टाचार को सामने लाने की बात भी उन्होंने रील के जरिए कही। हर रील पर लाखों व्यूज, भाटी के साथ रील 9.16 लाख तक पहुंची शुभकरण के चुनाव प्रचार का सबसे बड़ा माध्यम सोशल मीडिया रील रहा। उनकी अधिकांश रील 2 से 3 लाख व्यूज तक पहुंचीं। इसी वजह से लगातार नए लोगों तक उनका प्रचार पहुंचता गया। विधायक रविंद्र सिंह भाटी का शुभकरण के साथ वीडियो कॉल वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। इस रील को अब तक 9 लाख 16 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। बताया गया कि भाटी ने शुभकरण का चुनावी गीत सुनने के बाद उन्हें फोन किया और समर्थन भी जताया। हर दिन शुभकरण के प्रचार के लिए नई रील सामने आती और उन पर लाखों व्यूज आते। इससे वार्ड 44 के अलावा बीकानेर में भी शुभकरण के पक्ष में माहौल बनने लगा। ‘नाथो’ कहकर संबोधित करते हैं अपने फॉलोअर्स को शुभकरण गहलोत सोशल मीडिया पर पहले से सक्रिय हैं। वे अपने दर्शकों और फॉलोअर्स को ‘नाथो’ कहकर संबोधित करते हैं। ‘ईशा नाथ मंडल’ के इंस्टाग्राम पेज के जरिए भी वे चर्चा में आए। नगर निगम चुनाव से ठीक पहले शुभकरण ने सोशल मीडिया हैंडल पर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी। उनके इस ऐलान को सोशल मीडिया पर लोगों का समर्थन मिला। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा और अब वार्ड 44 से जीत दर्ज की है। जीत के 24 घंटे में बनाया ‘वार्ड मित्र 44’ पोर्टल चुनाव जीतने के बाद शुभकरण ने सोशल मीडिया के जरिए किए अपने वादों को अमल में लाने की शुरुआत भी कर दी। जीत के 24 घंटे के भीतर ही उन्होंने ‘वार्ड मित्र 44’ नाम से एक वेबसाइट पोर्टल तैयार कर दिया। शुभकरण के अनुसार, इस पोर्टल पर वार्ड का कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या दर्ज करा सकता है। समस्या के समाधान के लिए 2 से 3 दिन का समय रखा गया है। अगर किसी समस्या का समाधान नहीं हो पाता है तो उसका उचित कारण भी बताया जाएगा। शुभकरण का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए वे खुद जनता के साथ मौजूद रहेंगे। अब चुनाव जीतने के बाद सोशल मीडिया के जरिए बनाई गई उनकी यह छवि और वार्ड में किए जाने वाले काम कितना असर छोड़ते हैं, इस पर लोगों की नजर रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *