Headlines

जहानाबाद में 4 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त:एक व्यक्ति गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार; घर और कार से मिली वाइन




जहानाबाद पुलिस ने शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर रात नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक घर और कार से कुल चार कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर जिले में शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर थाना प्रभारी उमेश कुमार प्रसाद को सूचना मिली थी कि बाल्टी फैक्ट्री मोड़ स्थित राहुल कुमार के घर में अवैध शराब रखी गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ रात्रि गश्ती के दौरान छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से एक बैग में रखी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसी बीच आरोपी राहुल कुमार अपनी कार लेकर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह रास्ते में कार छोड़कर फरार हो गया। कार की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से तीन कार्टन अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने कार और बरामद शराब को जब्त कर नगर थाना लाया। मौके से राहुल कुमार के पिता अर्जुन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। नगर थाना प्रभारी उमेश कुमार प्रसाद ने बताया कि मुख्य आरोपी राहुल कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि रात के समय शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहती है। संदिग्ध गतिविधियों या व्यक्तियों से पूछताछ की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *