Headlines

भोपाल के द सेलेस्टियल पार्क में एक्सपायर मिला मसाला:4 होटल और रेस्टोरेंट की जांच; किचन में खुले मिले डस्टबिन, कढ़ाई काली हो चुकी




खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार को भोपाल के 4 होटल और रेस्टोरेंट की जांच की। इस दौरान भोजपुर रोड स्थित द सेलेस्टियल पार्क होटल में रखा मसाला एक्सपायर मिला। किचन में डस्टबिन खुले मिले तो तेल की कढ़ाई काली हो चुकी थी। सभी होटलों को नोटिस जारी किए गए हैं। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आदेश पर यह कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को द सेलेस्टियल पार्क, रंजीत रिजॉर्ट, गुरु कृपा फूड एंड कैटर्स, अमानते रेस्टोरेंट की जांच की गई। द सेलेस्टियल पार्क के निरीक्षण के दौरान एरोमेटिक मिक्स सीजनिंग मसाला का एक पैकेट, जिसकी एक्सपायरी अवस्था में पाया गया। किचन एरिया में 4 डस्टबिन खुले हुए पाए गए और 2 कढ़ाई काले रंग की एवं अस्वच्छ स्थिति में पाई गईं। किचन एरिया में कार्यरत 19 कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप/मेडिकल फिटनेस संबंधी प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। कर्मचारियों के मेडिकल परीक्षण संबंधी अभिलेख भी उपलब्ध नहीं पाए गए। पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किए गए। जिन्हें जांचा गया। करीब 20 किलो सड़नयुक्त प्याज पाया गया, जिसे तत्काल मौके पर नष्ट कराया गया। किचन में साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों के भंडारण के उचित प्रबंध भी पाए गए। यहां से मूंग दाल एवं काजू के 2 नमूने जांच हेतु लिए गए। रंजीत रिजॉर्ट होशंगाबाद रोड में भी जांच
यहां निरीक्षण के दौरान किचन एरिया का ड्रेनेज सिस्टम उचित स्थिति में नहीं पाया गया। किचन में उपयोग किए जाने वाले बर्तन साफ-सुथरे नहीं पाए गए और रेस्टोरेंट परिसर में डस्टबिन खुले में रखे हुए पाए गए। कर्मचारियों के FOSTAC प्रशिक्षण संबंधी प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। कर्मचारियों की मेडिकल चेकअप/मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं पाई गई। बावड़ियाकलां स्थित गुरु कृपा फूड एंड कैटर्स के निरीक्षण के दौरान किचन एरिया में साफ-सफाई के उचित प्रबंध नहीं पाए गए। 3 डस्टबिन खुले हुए थे, जिनमें भारी मात्रा में कचरा ऊपर तक भरा हुआ पाया गया। किचन एरिया के समीप टाइल्स टूटी हुई और ड्रेनेज सिस्टम उचित स्थिति में नहीं पाया गया। किचन एरिया में कॉकरोच की उपस्थिति के साक्ष्य पाए गए और टूटी टाइल्स वाले क्षेत्र में 04 कॉकरोच किचन एरिया में घूमते हुए पाए गए। धुले हुए बर्तन गंदगी के मध्य रखे हुए पाए गए। खाद्य अवशेषों के उचित प्रबंधन की व्यवस्था नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान एवरेस्ट MDH चाट मसाला, श्री मां मक्का आटा, हर्ष मसाले, परमात्मा पास्ता सहित कई खाद्य पदार्थों के पैकेट एक्सपायरी अवस्था में पाए गए। यहां पर कॉकरोच की उपस्थिति, अत्यधिक गंदगी, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के भंडारण और अन्य गंभीर कमियों को दृष्टिगत रखते हुए प्रतिष्ठान को सुधार सूचना जारी की गई है। वहीं, खाद्य लाइसेंस निलंबित किए जाने की अनुशंसा की गई है। बावड़ियाकलां में ही अमानते रेस्टोरेंट निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में साफ-सफाई के उचित प्रबंध पाए गए तथा कर्मचारी उचित वेशभूषा में कार्य करते पाए गए। हालांकि, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं पाया गया। खाद्य पदार्थों के खरीदी बिल उपलब्ध पाए गए। फ्रीजर में रखी दाल मखनी में हल्की बदबू पाई गई। जिसे तत्काल मौके पर नष्ट कराया गया। यहां से मूंग दाल, तुवर दाल और आटे के कुल तीन सैंपल लिए गए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *