![]()
डूंगरपुर के गांवों में लगातार बिजली कटौती से नाराज कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा गुरुवार शाम एक बार फिर धरने पर बैठ गए। समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जिला अस्पताल के पास स्थित बिजली निगम के एसई ऑफिस पहुंचे विधायक ने ऑफिस के बाहर ‘एसई चोर है’ के नारे लगाए। इसके बाद गेट के सामने गद्दे लगाकर धरना शुरू कर दिया। विधायक ने मांगें पूरी होने तक बेमियादी धरना जारी रखने की चेतावनी दी है। आश्वासन के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था विधायक गणेश घोघरा ने कहा कि पिछले महीनों में भी उन्होंने बिजली की समस्या को लेकर धरना दिया था। उस समय एसई ने व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया था, लेकिन गांवों में बिजली कटौती की समस्या जस की तस बनी हुई है। दिन और रात में बिजली गुल रहने से ग्रामीण परेशान हैं। रात में अंधेरे से बढ़ता खतरा विधायक ने कहा कि रात में बिजली कटने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। अंधेरे में जहरीले जानवरों का खतरा भी बना रहता है। किसानों को खेती के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जीएसएस पर भी स्टाफ नहीं मिलता, जिससे लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जुड़े थे एसई प्रदर्शन के दौरान बिजली निगम के एसई वीके दोषी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े हुए थे। विधायक और कार्यकर्ताओं ने ऑफिस के बाहर नारेबाजी की और फिर धरने पर बैठ गए। एसई बोले- बातचीत से समाधान निकालेंगे बिजली निगम के एसई वीके दोषी ने बताया कि विधायक अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे हैं। उन्हें बातचीत के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। एसई ने कहा कि विधायक अपनी समस्याएं बताएंगे तो उनका समाधान करने की कोशिश की जाएगी।
Source link
बिजली कटौती पर फिर धरने पर बैठे विधायक घोघरा:एसई ऑफिस के बाहर लगाए ‘एसई चोर है’ के नारे, बेमियादी आंदोलन की चेतावनी
