![]()
जालंधर की भगत सिंह कॉलोनी से 15 सितंबर की रात गायब हुए 1-वर्षीय मासूम राजन की तलाश में परिजनों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन पर सहयोग न करने और उलटा बच्चा बेचने का आरोप लगाने का दावा करते हुए चक्का जाम कर दिया। इस दौरान सड़क से गुजर रहे राहगीरों और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों का कहना है कि जब तक उनके मासूम बच्चे का सुराग नहीं मिलता और उन्हें इंसाफ नहीं मिलता, वे शांत नहीं बैठेंगे। जालंधर के भगत सिंह कॉलोनी इलाके में 15 सितंबर की आधी रात को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पीड़ित पिता शंकर के अनुसार, रात करीब ढाई बजे जब उनकी आंख खुली तो उनके साथ सो रहा उनका 1 साल का सबसे छोटा बेटा राजन गायब था। शंकर ने बताया कि उनके 8 बच्चे हैं, जिनमें 3 बेटियां और 5 बेटे हैं। मासूम के अचानक गायब हो जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बच्चे की तलाश में भटक रहे परिजन लापता बच्चे की तलाश में भटक रहे परिजनों का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने थाना-1 की पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। हालांकि, पुलिस से मदद मिलने के बजाय उन्हें प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। परिजनों और फैक्टरी मालिक दीपक सूरी का कहना है कि पुलिस अपनी नाकामी छिपाने के लिए पीड़ित माता-पिता पर ही बच्चा बेचने का बेबुनियाद आरोप लगाकर उन्हें परेशान कर रही है। एक हफ्ते तक बच्चे का कोई सुराग न मिलने और पुलिस के रवैये से तंग आकर परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। आखिरकार न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़ित परिवार, फैक्टरी मालिक दीपक सूरी और स्थानीय लोगों के साथ सड़क पर उतर आया और रोड जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम जनता और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राहगीरों और प्रदर्शनकारी के बीच तीखी बहस
रोड जाम होने की वजह से मौके पर मौजूद राहगीरों और प्रदर्शनकारी के बीच तीखी बहस और नोकझोंक हो गई। राहगीरों का कहना था कि बच्चे के लापता होने का उन्हें भी गहरा दुख है, लेकिन सड़क जाम करने से जरूरी कामों पर जाने वाले आम लोगों को परेशानी हो रही है। वहीं प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना था कि वे शौक से सड़क पर नहीं उतरे हैं, बल्कि इंसाफ न मिलने और पुलिस की अनदेखी के कारण वे यह कदम उठाने पर मजबूर हुए हैं। पीड़ित पिता शंकर ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा की अगर हमने अपना बच्चा बेचा होता, तो क्या हम खुद थाने शिकायत लेकर जाते? उन्होंने बस्ती बावा खेल की घटना का हवाला देते हुए कहा कि वहां से अगवा हुए बच्चे को पुलिस ने कुछ ही घंटों में ढूंढ निकाला था, लेकिन थाना-1 की पुलिस उनकी एक नहीं सुन रही है। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन परिजनों की मांग है कि जब तक राजन को सही-सलामत बरामद नहीं किया जाता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
Source link
जालंधर में 1 साल का मासूम राजन गायब:पुलिस पर मदद न करने का आरोप लगा परिजनों ने सड़क जाम कर मांगा न्याय
