![]()
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंच रहे मरीजों को लंबी कतार के बाद भी पूरी दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। मरीजों ने बताया कि डॉक्टर छह दवाएं लिख रहे हैं तो अस्पताल के काउंटर से कई बार सिर्फ तीन ही मिल रही हैं। किसी मरीज को सात दिन की दवा की जगह पांच दिन की दवा दी गई। कुछ मरीजों ने यह भी बताया कि डॉक्टर ही उन्हें कुछ दवाएं बाहर से खरीदने के लिए कह रहे हैं। मरीजों के मुताबिक पर्ची बनवाने, डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने में करीब डेढ़ से दो घंटे तक लग रहे हैं, इसके बाद भी पूरी दवा नहीं मिल रही। वहीं सीएमएस सत्यप्रकाश मिश्रा ने कहा कि अगर डॉक्टर बाहर से दवा लिख रहे है तो हम उनपर कार्रवाई करेंगे। 6 में 3 दवाएं मिलीं, बाकी बाहर से लेने को कहा दवा लेने पहुंची सुमन यादव ने बताया कि डॉक्टर ने छह दवाएं लिखी थीं। डॉक्टर ने कहा था कि तीन दवाएं अस्पताल में मिलेंगी और तीन बाहर से लेनी होंगी। अस्पताल के काउंटर से उन्हें तीन दवाएं मिल गईं, जबकि तीन दवाएं अभी बाहर से खरीदनी हैं। छह दवाएं लिखीं, तीन ही मिलीं आशा देवी ने बताया कि डॉक्टर ने छह दवाएं लिखी थीं और कहा था कि सभी अस्पताल में मिल जाएंगी। लेकिन काउंटर से सिर्फ तीन दवाएं मिलीं। अब वह दोबारा डॉक्टर के पास जाएंगी। उनका कहना है कि इलाज के लिए आने के बाद पूरा दिन अस्पताल में ही निकल गया। 7 दिन की दवा लिखी, मिली सिर्फ 5 दिन की गीता यादव अपने परिजन के लिए दवा लेने अस्पताल पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि करीब आधे घंटे तक दवा काउंटर की लाइन में लगी रहीं और डॉक्टर को दिखाने में करीब 45 मिनट लगे। 4 में से 2 दवाएं मिलीं मोहम्मद जावेद ने बताया कि डॉक्टर ने चार दवाएं लिखी थीं, लेकिन अस्पताल से दो ही मिल पाईं। दो दवाएं बाहर की हैं। उन्होंने कहा कि दवा काउंटर पर करीब आधे घंटे लाइन में लगे रहे और डॉक्टर को दिखाने में भी काफी समय लगा। उनका कहना था कि इतनी परेशानी के बाद अस्पताल आना बेकार लग रहा है। कुछ मरीजों को लिखी गईं बाहर की दवाएं नीतू सिंह ने बताया कि डॉक्टर ने जो दवाएं लिखी थीं, उनमें से अस्पताल में मिलने वाली दवाएं मिल गईं। हालांकि, डॉक्टर ने कुछ दवाएं बाहर से लेने के लिए भी लिखी थीं। उनके अनुसार डॉक्टर बाहर की दवाएं भी लिखते हैं। सीएमएस बोले- बाहर की दवा लिखने पर जांच होगी जिला अस्पताल के सीएमएस सत्यप्रकाश मिश्र ने कहा कि हमारे अस्पताल में लगभग सारी दवाएं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई डॉक्टर मरीज को बाहर से दवा लेने के लिए कहता है या बाहर की दवा लिखता है और इसकी शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराई जाएगी। शिकायत सही मिलने पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source link
जिला अस्पताल में नहीं मिल रही मरीजों को 50% दवाएं:मरीज बोले- डॉक्टर बाहर से दवा लेने को कह रहे, सीएमएस बोले होगी कार्रवाई
