Headlines

लोचन नगर में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग:बिना नंबर की गाड़ी से आए बदमाशों ने घर के बाहर चलाईं 10-12 गोलियां, पुलिस को मिले खाली खोके




ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के एसएलपी कॉलेज के पास स्थित लोचन नगर में सोमवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई। पैसों के लेनदेन के पुराने विवाद को लेकर बिना नंबर की गाड़ी से आए बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाकर 10 से 12 राउंड गोलियां दाग दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से हवाई फायर करते हुए भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास की सड़कों से खाली खोके बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। ‘पति और देवर का लगातार पीछा कर दे रहा था धमकियां’ लोचन नगर निवासी पीड़िता जूली ने बताया कि राहुल गुर्जर निवासी पारसेन नाम के युवक से उनका पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोपी राहुल पिछले कुछ समय से लगातार उनके पति और देवर का पीछा कर रहा था और उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहा था। सोमवार रात आरोपी बिना नंबर की गाड़ी से अपने साथियों के साथ आया और घर के बाहर पहुंचते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए अपने घरों में दुबक गए। जबकि मुरार थाना में कोई पुष्पेन्द्र घुरैया नाम का युवक पहुंचा है उसे छर्रे लगने की बात कही है। वह कह रहा है कि वह किस राहुल को नहीं जानता। जिसके बाद पुलिस उलझन में है और देर रात तक मामला दर्ज नहीं हो सका था। मौके से मिले खोके, CCTV खंगाल रही पुलिस फायरिंग की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस को मौके से गोलियों के खाली खोके मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता की शिकायत और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *