Headlines

आवास विकास और मेडा के मुद्दे पर व्यापारियों की बैठक:विजय राघव बोले- जल्द होगा बड़ा आंदोलन, दोनों व्यापार संगठनों से मांगा सहयोग




मेरठ के सेंट्रल मार्केट और आवास विकास प्रकरण को लेकर जागृति विहार के व्यापारियों ने मंगलवार को किसान मजदूर संगठन के कार्यालय में बैठक की। बैठक में व्यापारियों ने आगे बड़े आंदोलन की रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया। आंदोलन की रूपरेखा दोनों व्यापार संगठनों के साथ बैठक कर तय की जाएगी। बैठक में विजय राघव ने कहा कि इस संबंध में नवीन गुप्ता और अजय गुप्ता से फोन पर बातचीत कर सहयोग मांगा गया है। विजय राघव ने कहा कि लगातार यह संदेश दिया जा रहा था कि सरकार से बातचीत चल रही है और सरकार व्यापारियों की मदद कर रही है। इसके बावजूद मेरठ विकास प्राधिकरण की ओर से सुप्रीम कोर्ट में नई सूची पेश किए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एमडीए सरकार के अधीन काम करने वाली संस्था है, ऐसे में यह सवाल उठता है कि यदि सरकार व्यापारियों के पक्ष में बातचीत कर रही थी तो प्राधिकरण की ओर से सुप्रीम कोर्ट में नई सूची क्यों दी गई। सुप्रीम कोर्ट में 21 सितंबर को हुई सुनवाई में एमडीए की ओर से शहर में चिह्नित अवैध निर्माणों से संबंधित रिपोर्ट रखे जाने की बात सामने आई थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एमडीए के सर्वे में जोन-ए में 16,726 निर्माण चिह्नित किए गए हैं। विजय राघव ने आरोप लगाया कि इससे व्यापारियों के बीच सरकार की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि एक तरफ सरकार से बातचीत की बात कही जा रही थी, वहीं दूसरी ओर कार्रवाई का दायरा बढ़ता दिखाई दे रहा है। उन्होंने सोमवार को मेरठ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में बुलडोजर लगाए जाने का भी जिक्र किया। विजय राघव ने कहा कि सेंट्रल मार्केट और आवास विकास प्रकरण से प्रभावित व्यापारियों के बीच इसे लेकर नाराजगी है। उनका कहना था कि मेरठ के कई नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले, लेकिन इस दौरान सेंट्रल मार्केट और आवास विकास के मुद्दे का उल्लेख नहीं हुआ। बैठक में व्यापारियों ने आगे की रणनीति दोनों व्यापार संगठनों के साथ समन्वय कर तैयार करने पर सहमति जताई। विजय राघव ने कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।इस दौरान प्रवीण शर्मा, विकास चौहान, दुष्यंत शर्मा, विवेक राणा, रूपेश राघव, अनिल गोयल, देवेंद्र भाटी, चंदन सिंह पटवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *