![]()
बीकानेर के गजनेर थाना क्षेत्र में बकरियां खेत में चरने से रोकने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की डंपर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना में उसकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वारदात में प्रयुक्त डंपर भी जब्त किया गया है। बकरियां खेत में चरने से रोकने पर दी थी धमकी पुलिस के अनुसार, परिवादी जेठाराम निवासी सुरजड़ा ने 21 सितंबर को रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 20 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे उसकी 15-16 बकरियां खेत के बाहर चर रही थीं। पड़ोसी गांव डेह निवासी बाबूलाल उन्हें रोककर ले जा रहा था। इस दौरान परिवादी के पिता पूनमाराम और खेत मालिक सुरेंद्र कुमार ने उसे समझाया। आरोप है कि बाबूलाल ने मौके पर जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया। सुबह घर के आगे सो रहे दंपती पर चढ़ाया डंपर पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते 21 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे आरोपी बाबूलाल डंपर लेकर खेत की ओर आया और परिवादी के पिता पूनमाराम और मां पूनम देवी के ऊपर डंपर चढ़ा दिया। हादसे में पूनमाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूनम देवी गंभीर घायल हो गईं। आरोपी ने पास खड़ी मोटरसाइकिल को भी टक्कर मारी और उसे करीब 250 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल बेटे पर भी डंपर चढ़ाने का प्रयास पुलिस के अनुसार, जब परिवादी अपनी घायल मां के इलाज के लिए साधन लेने एनएच-11 पर गया, तब आरोपी वापस डेह की तरफ से आया और परिवादी पर भी डंपर चढ़ाने का प्रयास किया। परिवादी ने कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। घायल पूनम देवी को पीबीएम अस्पताल बीकानेर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। CCTV फुटेज और तकनीकी मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर एफएसएल यूनिट और एमओबी टीम को बुलाया। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई गई और जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों के साथ वारदात में इस्तेमाल डंपर को भी जब्त किया गया। घटना के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा देने का प्रयास कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज चेक किए और पुलिस ने आरोपी बाबूलाल पुत्र फताराम उर्फ किसनाराम नायक, उम्र 27 वर्ष, निवासी डेह, थाना कोलायत को घटना के करीब 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना गजनेर में बीएनएस 2023 की अनेक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। कार्रवाई थाना गजनेर के थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार के नेतृत्व में की गई। टीम में रविंद्र कुमार हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल कालूराम, जोगाराम और चालक कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह शामिल रहे। कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह की विशेष भूमिका रही।
Source link
बकरियां चराने के विवाद में डंपर से कुचलकर हत्या:मां घायल, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
