Headlines

कासगंज में वन विभाग टीम पर पथराव, बीट प्रभारी घायल:अवैध पेड़ कटान की सूचना पर टायर फैक्ट्री में छापा, वाहन जब्त




कासगंज के मुबारकपुर गांव स्थित एक टायर फैक्ट्री में अवैध पेड़ कटान की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम पर बुधवार को पथराव किया गया। इस घटना में नदरई बीट प्रभारी आकाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद वन विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। वन विभाग को जानकारी मिली थी कि फैक्ट्री परिसर में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई हो रही है। इसी सूचना पर नदरई बीट प्रभारी आकाश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान टीम ने लकड़ी से संबंधित मामले में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक ट्रक को जब्त कर लिया। आरोप है कि जब वन विभाग की टीम जब्त किए गए वाहनों को लेकर फैक्ट्री से बाहर निकल रही थी, तभी वहां मौजूद कुछ मजदूरों और अन्य लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने फैक्ट्री का मुख्य गेट बंद कर टीम को रोकने का प्रयास किया और फिर पथराव करने लगे। पथराव में बीट प्रभारी आकाश कुमार घायल हो गए, जिसके बाद उन्होंने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घायल वनकर्मी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वन विभाग ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, हमला करने और अवैध कटान के आरोप में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस पथराव में शामिल आरोपियों की पहचान कर मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *