![]()
धार और खरगोन जिले की सीमा पर स्थित नए गणेश घाट क्षेत्र में रविवार देर रात बदमाशों की गुंडागर्दी सामने आई। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-52) से गुजर रहे वाहनों पर बदमाशों ने अचानक पथराव कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने करीब 8 से 10 वाहनों को निशाना बनाया, जिससे हाईवे पर वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पीड़ित वाहन चालक और बड़ी संख्या में राहगीर शिकायत दर्ज कराने काकड़ा पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बोले- ‘भतीजा चला रहा था गाड़ी, बड़ी अनहोनी टली’ पथराव में घायल हुए अशोक कुमार ने बताया, “गणेश मंदिर घाट के ऊपर से कुछ लोग गाड़ियों पर पथराव कर रहे थे। गाड़ी मेरा भतीजा चला रहा था, गनीमत रही कि पत्थर उसे नहीं लगा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। मैं पीछे बैठा था, इसलिए पत्थर मुझे आकर लगा।” पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं स्थानीय लोगों के अनुसार, नए गणेश घाट क्षेत्र में वाहनों पर पथराव की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। पुलिस की सख्ती के बाद कुछ समय के लिए ऐसी घटनाओं पर रोक लग गई थी, लेकिन रविवार देर शाम बदमाशों ने एक बार फिर यात्रियों को निशाना बना लिया। यह करीब 10 किलोमीटर का डेंजर जोन धार जिले के धामनोद थाना और खरगोन जिले की काकड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आता है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
Source link
गणेश घाट पर वाहनों पर पथराव, 8-10 गाड़ियां फोड़ी:पहाड़ से बदमाशों ने किया हमला, राहगीर काकड़ा पुलिस चौकी पहुंचे
