Headlines

हिसार में कांग्रेस ने CEC के इस्तीफे की मांग की:मतदाता सूची प्रक्रिया पर उठाए सवाल, बोले-जनता के बीच ले जाएंगे मुद्दा




मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को हिसार में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए फव्वारा चौक पहुंचे। यहां उन्होंने CEC का पुतला फूंका और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में आदमपुर से कांग्रेस विधायक चंद्र प्रकाश सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक चंद्र प्रकाश ने आरोप लगाया कि CEC ज्ञानेश कुमार ने ऐसी प्रक्रिया लागू की है, जिससे आम लोगों के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि ज्ञानेश कुमार तत्काल इस्तीफा दें और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। ‘चुनाव प्रक्रिया के जरिए प्रभावित की गई कांग्रेस की बनती सरकार’ उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में भाजपा के पक्ष में काम किया गया और हरियाणा में कांग्रेस की बनती हुई सरकार को चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से प्रभावित किया गया। चंद्र प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और आंदोलन को आगे भी जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कथित तौर पर अलग-अलग समूहों में वीडियो बनाने और धक्का-मुक्की को लेकर सवाल पूछे जाने पर विधायक ने कहा कि पार्टी का प्रदर्शन अनुशासित रहा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एक साथ कांग्रेस भवन से निकले थे और भीड़ में इस तरह की स्थिति स्वाभाविक है। ‘गरीब और ग्रामीण लोगों को हो सकती है परेशानी’ एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए विधायक ने कहा कि पहले मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया अपेक्षाकृत सरल थी, जबकि अब जटिल प्रक्रिया के कारण गरीब, ग्रामीण और कम पढ़े-लिखे लोगों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि इसी प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से प्रभावित हुए हैं। विधायक ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर दबाव में है और प्रदर्शनकारियों की बात सुनी जानी चाहिए। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *