Headlines

नालंदा- प्रेमिका के घर की तीसरी मंजिल से गिरा प्रेमी:मौत के बाद लड़के की मां बोली- पीटकर छत से धक्का दिया, लड़की वालों ने कहा- भागने में गिरा




नालंदा के इस्लामपुर में मुलाकात करने गए प्रेमी की प्रेमिका के घर की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतक की मां ने लड़की के परिजन पर पिटाई के बाद छत से धक्का देने का आरोप लगाया है, जबकि लड़की वालों का कहना है कि मिलने आए प्रेमी ने जब हम लोगों को देखा तो घबराकर भागने लगा, इसी दौरान छत की तीसरी मंजिल से गिरकर उसकी मौत हो गई। प्रेमी के छत से गिरने की घटना पास के लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। सीसीटीवी फुटेज में लड़का छत से एक गली में गिरता नजर आ रहा है। घटना के बाद लहुलूहान लड़के को इलाज के लिए पटना ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना गौरव नगर मोहल्ले में सोमवार दोपहर बाद की है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया है। फोन कर घर बुलाया और पीटकर नीचे फेंक दिया: मृतक की मां मृतक युवक की पहचान जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के कटौली गांव निवासी किशोरी प्रसाद के 21 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है, जो पटना स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था। मृतक की मां सुषमा देवी ने बताया कि उनके बेटे का इस्लामपुर के भगवानपुर निवासी शम्भू शरण उर्फ मुन्ना की पुत्री रिया कुमारी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रिया अपने पूरे परिवार के साथ गौरव नगर में किराए के मकान में रहती है। मृतक की मां का आरोप है कि रिया ने फोन कर रजनीश को अपने डेरे पर बुलाया था। वहां पहुंचते ही युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया, बुरी तरह पीटा और जान से मारने की नीयत से तीन मंजिला मकान की छत से नीचे गली में फेंक दिया। खुद को बचाने के लिए छत से कूदा युवक: युवती पक्ष का दावा हादसे के बाद गंभीर रूप से जख्मी रजनीश को स्थानीय लोगों की मदद से पास के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चिंताजनक स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। परिजन उसे पटना ले जा ही रहे थे कि रास्ते में युवक की सांसें थम गईं। उधर, युवती के परिजनों ने हत्या के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे युवक को नहीं पहचानते थे। परिजनों के अनुसार, युवक सुबह चोरी-छिपे उनके घर में घुसा हुआ था और जैसे ही लोगों की नजर उस पर पड़ी, वह घबराकर भागने लगा। पकड़े जाने के डर से उसने खुद छत से नीचे छलांग लगा दी। 5 साल से चल रहा था दोनों के बीच अफेयर जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती के बीच पिछले पांच साल से अफेयर था। फिलहाल दोनों ग्रेजुएशन में पढ़ाई कर रहे थे। हेड इंजरी की वजह से मौत की बात सामने आई है। शरीर के अन्य हिस्से भी बिल्कुल शून्य पड़ गए थे। सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस, आवेदन मिलने पर दर्ज होगा केस घटना की सूचना मिलते ही हिलसा-2 डीएसपी रामदुलार प्रसाद और इसलामपुर थानाध्यक्ष रणविजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में मिलने आने का लग रहा है। परिजन या स्थानीय लोगों की आहट पाकर युवक भागने लगा, तभी तीन मंजिला छत से पैर फिसलने के कारण वह नीचे गली में जा गिरा। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में भी युवक के छत से गिरने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने युवती और उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *