![]()
ग्वालियर में साइबर ठगों और उनके मददगारों के खिलाफ बाहरी राज्यों की पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। बुधवार रात हरियाणा की फरीदाबाद पुलिस ने ग्वालियर में औचक दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। फरीदाबाद साइबर सेल की टीम शहर के आमखो स्थित शिवाजी नगर पहुंची और यहां से पृथ्वी सिंह नाम के युवक को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ हरियाणा ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। खाते में अचानक आए साढ़े तीन लाख रुपए, ऐसे खुला मामला पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पृथ्वी सिंह के बैंक खाते में हाल ही में अचानक साढ़े तीन लाख रुपए ट्रांसफर हुए थे। फरीदाबाद साइबर पुलिस ऑनलाइन ठगी के एक मामले की जांच कर रही थी। जब पुलिस ने पैसों के लेन-देन का ट्रेल खंगाला, तो यह रकम ग्वालियर निवासी पृथ्वी सिंह के खाते में पहुंचने की पुष्टि हुई। ‘म्यूल अकाउंट’ के रूप में हो रहा था इस्तेमाल प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पृथ्वी सिंह का बैंक खाता ‘म्यूल अकाउंट’ के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। साइबर ठग सीधे अपने खातों में रकम मंगाने के बजाय कमीशन का लालच देकर या धोखे से लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध धन के लेन-देन और निकासी के लिए करते हैं। ऐसे खातों को तकनीकी भाषा में ‘म्यूल अकाउंट’ कहा जाता है। अब फरीदाबाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पृथ्वी सिंह इस गिरोह का सक्रिय सदस्य है या उसने कुछ पैसों के लालच में अपना बैंक खाता साइबर ठगों को इस्तेमाल करने के लिए उपलब्ध कराया था। स्थानीय पुलिस की मदद से हुई इस कार्रवाई के बाद ग्वालियर के अन्य संदिग्ध खाताधारकों में भी हड़कंप मच गया है।
Source link
साइबर ठगी के मामले में ग्वालियर से युवक गिरफ्तार:फरीदाबाद पुलिस साथ ले गई; बैंक खाते में आए थे साढ़े तीन लाख रुपए
