Headlines

दिल्ली के 42 ट्रैफिक कॉरिडोर होंगे स्मार्ट:1,789 करोड़ के आईटीएमएस को कैबिनेट की मंजूरी, 24 महीने में तीन चरणों में लागू होगा सिस्टम




केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में दिल्ली पुलिस के लिए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। 1,789.52 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत वाले इस प्रोजेक्ट से दिल्ली के 42 प्रमुख ट्रैफिक कॉरिडोर को कवर किया जाएगा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कैबिनेट बैठक के बाद यह जानकारी दी। वैष्णव ने बताया कि प्रोजेक्ट को 24 महीने में तीन चरणों में लागू किया जाएगा। इसके बाद पांच साल तक इसका संचालन और रखरखाव किया जाएगा। यह सिस्टम रियल टाइम ट्रैफिक डेटा, एडेप्टिव ट्रैफिक सिग्नल, ऑटोमेटेड एनफोर्समेंट और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम के जरिए दिल्ली के सड़क नेटवर्क का स्मार्ट प्रबंधन करेगा। दिल्ली में करीब 71 लाख सक्रिय पंजीकृत वाहन हैं। वाहनों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी के मुकाबले सड़क नेटवर्क का विस्तार सीमित रहा है। मौजूदा व्यवस्था में ट्रैफिक नियंत्रण मुख्य रूप से फिक्स सिग्नल टाइमिंग और मैनुअल हस्तक्षेप पर निर्भर है। आईटीएमएस से उपलब्ध सड़क क्षमता का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा। एक प्लेटफॉर्म पर आएगा पूरा ट्रैफिक सिस्टम
यातायात नियंत्रण, एनफोर्समेंट और सूचना प्रसार को ट्रैफिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के एक कॉमन प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा। इसे डेटा सेंटर और डिजास्टर रिकवरी इंफ्रास्ट्रक्चर का सपोर्ट मिलेगा। प्रोजेक्ट में 1,092 एडेप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम और 1,029 एनफोर्समेंट लोकेशन शामिल होंगी। दिल्ली पुलिस प्रतिस्पर्धी बोली से चुने गए मास्टर सिस्टम इंटीग्रेटर के जरिए इसे लागू करेगी। सी-डैक तकनीकी सहायता, निगरानी और सत्यापन करेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *