![]()
बठिंडा। शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी को लेकर एक उपभोक्ता का मामला अब कई गैस उपभोक्ताओं के लिए सवाल खड़ा कर रहा है। मॉडल टाउन फेज-3 निवासी संजय मित्तल ने आरोप लगाया कि रिफिल सिलेंडर की डिलीवरी लेकर पहुंचे कर्मचारी ने उनसे नई गैस पाइप खरीदने को कहा। मित्तल ने पाइप लेने से इनकार किया, तो कर्मचारी सिलेंडर वापस लेकर चला गया। यह केवल उनके साथ ही नहीं, बल्कि उनके एरिया के आधा दर्जन लोगों के साथ ऐसा किया गया, जब उन लोगों ने भी गैस पाइप खरीदने से इंकार कर दिया, तो उन्हें भी सिलेंडर नहीं दिए गए। दूसरी ओर, मान गैस एजेंसी के मैनेजर एमएस बाठ का कहना है कि कंपनी के रिकॉर्ड के अनुसार उपभोक्ता की पाइप को पांच साल पूरे हो चुके थे और सुरक्षा कारणों से नई पाइप लेना जरूरी था।
मामला सामने आने के बाद सवाल यह उठ रहा है कि यदि किसी उपभोक्ता की पाइप निर्धारित अवधि पूरी कर चुकी है तो उसे बदलने की प्रक्रिया क्या है और क्या पाइप नहीं खरीदने पर रिफिल सिलेंडर की डिलीवरी रोकी जा सकती है? यह स्थिति बठिंडा के उन उपभोक्ताओं के लिए भी महत्वपूर्ण है, जिनकी LPG पाइप कई साल पुरानी हो चुकी है। संजय बोले- पाइप नहीं ली तो सिलेंडर भी नहीं दिया
संजय मित्तल के अनुसार उन्होंने सामान्य प्रक्रिया के तहत गैस सिलेंडर रिफिल बुक करवाया था। डिलीवरीमैन सिलेंडर लेकर उनके घर पहुंचा। वहां कर्मचारी ने कहा कि उनके रिकॉर्ड के मुताबिक गैस पाइप खरीदे पांच साल पूरे हो चुके हैं, इसलिए नई पाइप खरीदना जरूरी है।
मित्तल ने नई पाइप खरीदने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें केवल बुक किया गया रिफिल सिलेंडर दिया जाए और निर्धारित राशि का भुगतान किया जाएगा। उनका आरोप है कि इसके बाद कर्मचारी ने सिलेंडर देने से मना कर दिया और उसे वापस लेकर चला गया। मित्तल का कहना है कि यदि सुरक्षा जांच में पाइप खराब या इस्तेमाल के लिए असुरक्षित पाई जाती है तो उसे बदलना उचित है, लेकिन उपभोक्ता को यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि पाइप बदलने की जरूरत किस आधार पर है। अब कई उपभोक्ताओं का सवाल
संजय मित्तल के मामले ने भले ही एक उपभोक्ता की डिलीवरी से जुड़ी परेशानी सामने रखी हो, लेकिन इसका असर शहर के उन सभी LPG उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है, जिनकी पाइप पांच साल या उससे अधिक पुरानी है। यदि डिलीवरी के समय पाइप बदलने की शर्त रखी जाती है तो उपभोक्ता यह जानना चाहेंगे कि इसके लिए पहले से सूचना क्यों नहीं दी जाती और पाइप बदलने की प्रक्रिया क्या है। मित्तल का आरोप है कि गैस एजेंसियों की ओर से उपभोक्ताओं के घरों पर सिलेंडर, पाइप और रेगुलेटर की जांच भी की जाती है और इसके लिए उनसे शुल्क लिया जाता है। उनका कहना है कि जांच के दौरान यदि कोई उपकरण बदलने योग्य है तो इसकी जानकारी उपभोक्ता को दी जानी चाहिए।
एजेंसी मैनेजर बोले- पांच साल बाद पाइप बदलना जरूरी
मान गैस एजेंसी के मैनेजर एमएस बाठ ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं की गैस पाइप खरीदे पांच साल पूरे हो चुके हैं, उनके लिए नई पाइप लेना जरूरी किया गया है। उन्होंने बताया कि पाइप की लाइफ पांच साल होती है और यह व्यवस्था उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है। बाठ के अनुसार कंपनी के रिकॉर्ड में उपभोक्ता की पाइप खरीदने की तारीख दर्ज रहती है और इसी आधार पर रिफिल के बिल पर भी जानकारी आती है। उन्होंने कहा कि संबंधित उपभोक्ता की पाइप को पांच साल पूरे हो चुके थे। कंपनी की हिदायत के अनुसार निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद पाइप या रेगुलेटर नहीं लेने पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं करने को कहा गया है, ताकि भविष्य में किसी हादसे की आशंका को कम किया जा सके। पांच साल की hose लाइफ
LPG कंपनियों के उपलब्ध आधिकारिक दस्तावेजों में Suraksha LPG hose की लाइफ पांच साल बताई गई है। IndianOil के अनुसार घरेलू LPG इंस्टॉलेशन का सुरक्षा ऑडिट भी हर पांच साल में कराया जाना चाहिए। कंपनी अपनी वेबसाइट पर Suraksha hose को पांच साल की लाइफ वाला सुरक्षा उत्पाद बताती है। Bharatgas के LPG मैनुअल में अनिवार्य निरीक्षण के दौरान Suraksha hose की वैधता समाप्त होने या उसके क्षतिग्रस्त होने पर उसे बदलने का प्रावधान दिया गया है। साथ ही निरीक्षण के दौरान आवश्यक सुधार ग्राहक की अनुमति से करने की बात कही गई है। इससे स्पष्ट है कि पाइप की उम्र और सुरक्षा जांच को लेकर कंपनियों के दिशा-निर्देश हैं। रिफिल लेते समय इन बातों की जांच करें IndianOil की आधिकारिक जानकारी के अनुसार उपभोक्ताओं को रिफिल लेते समय सिलेंडर की सील और सुरक्षा कैप की जांच करनी चाहिए। डिलीवरी के समय सिलेंडर का वजन और कनेक्शन के बाद लीकेज की जांच भी कराई जा सकती है। किसी उपभोक्ता को डिलीवरी या पाइप बदलने को लेकर शिकायत है तो वह पहले संबंधित गैस एजेंसी में शिकायत दर्ज करा सकता है। IndianOil का ग्राहक सेवा नंबर 1800-2333-555 और LPG आपातकालीन हेल्पलाइन 1906 है।
Source link
नई पाइप खरीदने पर ही मिलेगा गैस सिलेंडर?:बठिंडा में उपभोक्ताओं ने पाइप लेने से किया इनकार, डिलीवरीमैन सिलेंडर वापस ले गया
