![]()
अमृतसर-तरनतारन बाईपास पर गुरुवार (1 अक्टूबर) को एक स्कॉर्पियो कार की तारकोल से भरे टिप्पर से टक्कर हो गई। इस टक्कर में स्कॉर्पियो कार ने आग पकड़ ली, जिससे उसे चला रहा ड्राइवर जिंदा जल गया। मृतक की पहचान तरनतारन में गोइंदवाल साहिब के रहने वाले गुरिंदर सिंह (25) के रूप में हुई है। वह चोट ज्यादा लगने के चलते समय रहते गाड़ी से निकल नहीं सका, और ड्राइविंग सीट पर अंदर ही फंसा रह गया था। बाद में आग बुझने पर लोगों ने उसकी लाश ड्राइविंग सीट से निकाली। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। टिप्पर का ड्राइवर पुलिस के हाथ नहीं लगा। वह टक्कर होने के साथ ही मौके से फरार हो गया था। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। टिप्पर में पीछे से घुसी स्कॉर्पियो जानकारी के मुताबिक, यह हादसा अमृतसर-तरनतारन बाईपास पर मानांवाला के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार युवक तरनतारन से अमृतसर की ओर आ रहा था। जब वह मानांवाला के पास पहुंचा तो उसकी स्कॉर्पियो आगे चल रहे टिप्पर में पीछे से घुस गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो गाड़ी टिप्पर के पीछे फंस गई। इसके साथ ही उसमें आग लग गई। इस टक्कर में स्कॉर्पियो सवार युवक को काफी चोटें लगीं, जिससे वह ड्राइविंग सीट से हिल भी नहीं सका। गाड़ी में फैली आग ने थोड़ी में उसे भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे युवक ड्राइविंग सीट पर जिंदा ही जल गया। लोगों के बुझाए से नहीं बुझी आग मौके पर जमा हुए राहगीरों और आसपास के दुकानदारों ने बताया है कि आग फैलने से पहले लोगों ने भी युवक को गाड़ी से निकालने की कोशिश की थी, लेकिन वह आग की तीव्रता के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। लोगों ने मोटरों, पानी के पाइपों और कीटनाशक स्प्रे वाली टंकियों का इस्तेमाल गाड़ी की बुझाने का प्रयास किया था, लेकिन प्रयास सफल नहीं हो सके। फायर ब्रिगेड को भी समय रहते सूचना दे दी गई थी, लेकिन लोगों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड समय से नहीं पहुंची। दमकल की गाड़ी देरी से पहुंची दमकल की गाड़ी पहुंचने में हुई देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। उनका कहना था कि करीब 45 मिनट से एक घंटे तक फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची। वहीं, पुलिस ने बताया कि अमृतसर की दमकल गाड़ी खराब होने के कारण तरनतारन से वाहन बुलाना पड़ा था। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी हरजीत सिंह ने बताया कि युवक गुरिंदर सिंह घरों में पीवीसी फिटिंग का काम करता था और सामान लेने के लिए अमृतसर जा रहा था। इस दौरान ही हादसा हुआ है। हादसे के बाद से टिप्पर ड्राइवर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं। युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
Source link
अमृतसर-तरनतारन बाईपास पर स्कॉर्पियो में युवक जिंदा जला:टिप्पर से टकराकर गाड़ी में आग लगी, चोट ज्यादा लगने के चलते बाहर नहीं निकल पाया
