![]()
हरियाणा के अंबाला में निजी कार से घर लौट रहे नग्गल SHO सुरेश कुमार को मिस्टर सिंह रेस्टोरेंट के पास चार-पांच युवकों ने घेर लिया और जमकर पिटाई कर डाली। उन पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला किया गया। वर्दी भी फाड़ डाली। इस हमले में एसएचओ बुरी तरह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। एसएचओ पर हमला होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तुरंत ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल एसएचओ को सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर रेस्टोरेंट के पास एक युवक को पीट रहे थे। एसएचओ ने कार से उतरकर उसे बचाने की कोशिश की। हमलावर युवक को छोड़ एसएचओ पर ही पिल पड़े। मेडिकल रिपोर्टर के मुताबिक एसएचओ की गर्दन, कलाई, अंगूठे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। गर्दन पर 5 टांके आए हैं। पूर्व मंत्री असीम गोयल ने अस्पताल पहुंच कर एसएचओ को हाल जाना। क्यों हुआ एसएचओ पर हमला, सिलसिलेवार ढंग से जानिए… डॉक्टर आकांक्षा ने दी एसएचओ की हेल्थ अपडेट अंबाला सिटी सिविल अस्पताल की डॉक्टर आकांक्षा ने बताया कि करीब 9:30 बजे हिसार रोड के पास हुए लड़ाई-झगड़े की घटना में घायल एसएचओ सुरेश को रात करीब 10 बजे अस्पताल लाया गया था। उनके बाएं तरफ गर्दन के पास चाकू का घाव है, बाएं अंगूठे और दाहिनी बाजू पर भी चोट लगी है। सिर पर भी चोट है, जो चाकू से नहीं बल्कि पत्थर या ईंट लगने से होने की आशंका है। अस्पताल में उन्हें प्राथमिक उपचार, इंजेक्शन, एंटीबायोटिक्स देने के साथ घावों पर टांके और पट्टी की गई। गर्दन के पास 5 से 6, अंगूठे पर 2, बाजू पर 2 और सिर पर 2 टांके लगाए गए हैं। डॉक्टर के अनुसार सीटी स्कैन में गर्दन के पास लगी चोट वाली जगह पर गैस ट्रैप होने के संकेत मिले हैं, जिससे आगे रक्त वाहिकाओं में परेशानी हो सकती है। DSP बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। DSP हेडक्वार्टर विजय कुमार ने कहा, “पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है। हमें अपने थाना प्रभारी पर गर्व है, जिन्होंने किसी दूसरे की जान बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी। उन्हें चंडीगढ़ रेफर किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
Source link
अंबाला में SHO को घेरकर पीटा, वर्दी फाड़ी:ड्यूटी से लौटते वक्त झगड़ा देख कार रोकी, हमलावरों ने गर्दन में चाकू घोंपे; चंडीगढ़ रेफर
