Headlines

26 महीने से शिकायत, फिर भी नहीं हटा अवैध कब्जा:नगर निगम की तहबजारी शाखा की कार्यप्रणाली पर शिकायतकर्ता ने उठाए सवाल




बठिंडा शहर में सड़कों और फुटपाथों पर बढ़ते अवैध कब्जों के बीच नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जीटी रोड पर पुराने बस स्टैंड चौक के पास सरकारी जमीन और फुटपाथ पर कई वर्षों से कथित कब्जे की शिकायत करने के बावजूद नगर निगम अब तक इसे हटाने में नाकाम रहा है। खास बात यह है कि मामले में पंजाब सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग और डायरेक्टोरेट स्थानीय सरकार की ओर से भी कार्रवाई के लिए शिकायत नगर निगम तक भेजी जा चुकी है,लेकिन ढाई साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी आज तक कार्रवाई नहीं हो सकी। 26 महीने बाद भी कार्रवाई का इंतजार शिकायतकर्ता व आरटीआई कार्यकर्ता संजीव गोयल के मुताबिक 29 जुलाई 2024 को जीटी रोड पर कथित अवैध कब्जे और नगर निगम के संबंधित स्टाफ की कार्यप्रणाली को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, स्थानीय सरकार विभाग के अधिकारियों, डिप्टी कमिश्नर बठिंडा और नगर निगम कमिश्नर समेत अन्य अधिकारियों को शिकायत भेजी गई थी। इसके बाद पंजाब सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग ने 1 अगस्त 2024 को मामले को कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर भेजा। वहीं, डायरेक्टोरेट स्थानीय सरकार पंजाब की ओर से पत्र नंबर 2337, दिनांक 20 सितंबर 2024 के माध्यम से शिकायत नगर निगम बठिंडा के कमिश्नर को भेजी गई थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि संबंधित विभागों से शिकायत नगर निगम तक पहुंचने के बावजूद करीब 26 महीने बीत चुके हैं, लेकिन कथित अवैध कब्जा अब तक नहीं हटाया गया। इसे लेकर अब दोबारा मुख्यमंत्री, स्थानीय सरकार विभाग के अधिकारियों, डिप्टी कमिश्नर और नगर निगम अधिकारियों को शिकायत भेजकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। कई बाजारों और सड़कों पर कब्जे का आरोप
शिकायतकर्ता ने बठिंडा के धोबी बाजार, मिड्डू मल वाली गली, कीकर बाजार, बैंक बाजार, आर्य समाज चौक, मेहना चौक, किला रोड, कोर्ट रोड, सिरकी बाजार, सदर बाजार, पोस्ट ऑफिस बाजार, हाथी मंदिर वाली गली, हाजी रतन चौक, सब्जी मंडी रोड, बस स्टैंड की बैक साइड रोड, जीटी रोड और अमरीक सिंह रोड समेत कई इलाकों में अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, फुटपाथों पर दुकानदारों या अन्य लोगों द्वारा सामान आदि रखने के कारण पैदल चलने वालों को सड़क पर चलना पड़ता है। इससे हादसे की आशंका के साथ-साथ बाजारों में ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ती है। त्योहारी सीजन में बढ़ सकती है परेशानी त्योहारी सीजन में बाजारों में लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ने वाली है। ऐसे में सड़कों और फुटपाथों पर कथित कब्जों के कारण ट्रैफिक व्यवस्था और बिगड़ सकती है। उन्होंने डिप्टी कमिश्नर और नगर निगम कमिश्नर से शहर के बाजारों, सड़कों, गलियों और फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश देने की मांग की है। साथ ही दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *