Headlines

केदार बोले- राहुल गांधी के ‘फील’ पर देश नहीं चलेगा:कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर तथ्यहीन आरोप लगाती है, SIR नियमित प्रक्रिया




प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दुर्ग जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा-संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिलेभर में सामाजिक सरोकार और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को दुर्ग सर्किट हाउस में वन मंत्री केदार कश्यप पहुंचे। उनके साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर भी मौजूद रहे। मीडिया से चर्चा के दौरान केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक यात्रा को सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी ने जनसेवा को अपना ध्येय बनाया है। उनके नेतृत्व में दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। राहुल गांधी के फील से नहीं चलेगा देश
मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर कांग्रेस के आंदोलन और लगातार लगाए जा रहे आरोपों पर केदार कश्यप ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संवैधानिक संस्थाओं पर हमेशा तथ्यहीन और निरर्थक आरोप लगाती है। उनके पास आरोपों को साबित करने के लिए कोई तथ्य नहीं होता। राहुल गांधी के एक बयान का जिक्र करते हुए केदार कश्यप ने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि ‘मुझे ऐसा फील होता है।’ उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी की फीलिंग के आधार पर देश की संवैधानिक संस्थाएं चलेंगी? उन्होंने कहा कि देश फीलिंग के आधार पर नहीं चलता। देश दृढ़ इच्छाशक्ति और विजन के साथ आगे बढ़ता है और यह दृढ़ इच्छाशक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास है। SIR को बताया संवैधानिक और नियमित प्रक्रिया
SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर पूछे गए सवाल पर भी केदार कश्यप ने विपक्ष को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि SIR के तहत जो प्रक्रिया हुई है, उसका अभिनंदन किया जाना चाहिए। यह एक नियमित प्रक्रिया है और संवैधानिक संस्था अपने स्तर पर अपना काम कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर SIR को लेकर नकारात्मक प्रचार करने का आरोप लगाया। मंत्री ने संकेत दिया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण जैसी संवैधानिक प्रक्रिया को राजनीतिक विवाद का मुद्दा बनाने के बजाय इसे सामान्य प्रक्रिया के रूप में देखा जाना चाहिए। 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए
केदार कश्यप ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा सहित समाज के सभी वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में भी देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को देश के विकास और जनसेवा से जोड़ते हुए कहा कि सेवा-संकल्प अभियान का उद्देश्य भी प्रधानमंत्री के सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण की भावना को जनता तक पहुंचाना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *