Headlines

CM भगवंत मान के साढू को ED ने तलब किया:रेप केस में 5 करोड़ की कथित रिश्वत के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया




पंजाब में रेप केस में कथित 5 करोड़ की रिश्वत के मामले में ED ने CM भगवंत मान के साढू अमरदीप सिंह ग्रेवाल को समन भेजकर तलब किया है। मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर के जीजा ग्रेवाल को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। ग्रेवाल ग्रेवाल ईस्ट सनशाइन प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े एक प्रमुख पंजाबी फिल्म कलाकार हैं। वह पंजाबी मूवी मौजां ही मौजां और स्नोमैन जैसे कई पंजाबी फिल्मों से जुड़े रहे हैं। रेप केस का पूरा मामला क्या है
गुरविंदर सिंह उर्फ गुरी चहल के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर रेप, ब्लैकमेल और धमकी समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ था। मोहाली के सोहाना थाने में 1 मई को FIR दर्ज की गई थी। शिकायत में 26 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया था कि उसके साथ जबरन संबंध बनाए गए, ब्लैकमेल किया गया और धमकाया गया। इसी केस के दौरान आरोप सामने आया कि FIR रद्द कराने और मामले को दबाने के लिए 5 करोड़ रुपए मांगे गए। अमरदीप ग्रेवाल का नाम कैसे आया?
इस मामले में अमरदीप सिंह ग्रेवाल का नाम एक आरोप के कारण सामने आया। पीड़िता के पिता की ओर से पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में आरोप लगाया गया कि अमरदीप ग्रेवाल मुख्यमंत्री की पत्नी से कथित तौर पर करीबी संबंध रखने वाला व्यक्ति है और उसके जरिए केस को खत्म कराने की कोशिश की जा रही थी। दूसरी तरफ, गुरी चहल के दोस्त सिमरनजीत सिंह हुंदल की ओर से हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में भी ग्रेवाल को लेकर आरोप लगाए गए। उसमें दावा किया गया कि ग्रेवाल कथित तौर पर रेप के मामलों को खत्म कराने के नाम पर करोड़ों रुपए की मांग कर रहा था। यानी ग्रेवाल की भूमिका को लेकर आरोप यह है कि वह कथित तौर पर आरोपी पक्ष और राजनीतिक प्रभाव के बीच बिचौलिए की भूमिका में था। हाईकोर्ट में क्या हुआ?
पीड़िता के पिता ने हाईकोर्ट में आशंका जताई कि स्थानीय पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो पाएगी। कोर्ट के सामने आरोप लगाया गया कि FIR रद्द कराने के लिए राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल किया जा रहा है। 20 जुलाई को हाईकोर्ट ने मामले की जांच स्थानीय पुलिस से हटाकर स्पेशल डीजीपी की निगरानी में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को सौंपने का आदेश दिया। कोर्ट ने अपने आदेश में 5 करोड़ रुपए की कथित मांग और मुख्यमंत्री की पत्नी से कथित संबंधों वाले आरोपों का किया। हालांकि, कोर्ट ने साफ किया कि वह उस समय इन आरोपों की सच्चाई तय नहीं कर रहा है। फिर 5 करोड़ की बात सार्वजनिक कैसे हुई?
इस मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस रणजीत सिंह ने भी सार्वजनिक रूप से आरोपों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट में दाखिल याचिकाओं में मुख्यमंत्री की पत्नी से कथित तौर पर जुड़े व्यक्ति के जरिए रेप केस दबाने के लिए 5 करोड़ रुपए मांगने का आरोप लगाया गया है। BJP और विपक्षी नेताओं ने इन आरोपों को लेकर पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री की पत्नी पर सवाल उठाए। BJP ने कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी हवाला दिया। AAP और गुरप्रीत कौर ने आरोपों को खारिज किया। गुरप्रीत कौर का क्या कहना है?
डॉ. गुरप्रीत कौर ने 5 करोड़ रुपए मांगने के आरोपों को बेबुनियाद और मानहानिकारक बताया है। उन्होंने आरोप लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी और रिटायर्ड जज जस्टिस रणजीत सिंह को भी कानूनी नोटिस भेजा। NHRC ने भी लिया संज्ञान
मामला सामने आने के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने पंजाब के मुख्य सचिव और DGP को नोटिस जारी किया। आयोग ने आरोपों की जांच कर दो सप्ताह के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट देने को कहा। आयोग ने मामले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय की संबंधित इकाई को भी भेजी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *