Headlines

10 रुपए के लिए पिता के सामने बेटे की हत्या:CCTV;फाजिल्का में मोमोज के रेहड़ी पर लेनदेने का विवाद, युवक के सीने में चाकू उतारा




पंजाब के फाजिल्का जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोमोज के ठेले पर 10 रुपए को लेकर हुए विवाद में ग्राहक युवक की धारधार हथियार से निर्दयता पूर्वक हत्या कर दी गई। झगड़े की सूचना पर पहुंचे पिता ने बेटे को बचाने की कोशिश की लेकिन आरोपियों ने उनके सामने ही युवक के सीने में चाकू उतार दिया। यह वारदात सीमावर्ती क्षेत्र के गांव चक्क पक्खी में हुआ है। मोमोज की रेहड़ी पर हुए 26 वर्षीय युवक जगमीत यहां मोमोज खाने आया था। जहां 10 रुपए को लेकर रेहड़ी लगाने वाले युवकों से विववाद हो गया। यह पूरी खूनी वारदात पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने दो लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। उधर परिजनों ने चेतावनी दी है कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक वह युवक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। मोमोज की प्लेट के पैसों पर शुरू हुई थी तकरार जानकारी के अनुसार, मृतक 26 वर्षीय जगमीत सिंह गांव चक्क पक्खी निवासी था। घटना वाले दिन जगमीत अपने दोस्त बेअंत सिंह के साथ गांव में ही लगी एक मोमोज की रेहड़ी पर नाश्ता करने गया था। खाने के बाद जब पैसों का हिसाब होने लगा, तो मात्र 10 रुपये के लेन-देन को लेकर जगमीत और रेहड़ी संचालकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह मामूली तकरार हाथापाई और खूनी झड़प में तब्दील हो गई। आरोप है कि गुस्साए रेहड़ी संचालकों ने जगमीत पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया।
पिता के सामने ही बेटे पर किया चाकू से ताबड़तोड़ वार जब झगड़े की खबर जगमीत के परिजनों तक पहुंची, तो उसके पिता लक्खा सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। पिता ने बीच-बचाव कर अपने बेटे को बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन बेखौफ आरोपियों ने लक्खा सिंह के सामने ही जगमीत पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पेट व छाती में गंभीर घाव लगने के कारण जगमीत खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिवार का सहारा छिना: इकलौता बेटा था जगमीत, पीछे छोड़ गया मासूम बेटियां जगमीत की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि जगमीत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और पुराने मोटरसाइकिल खरीदने व बेचने का कारोबार करके अपने परिवार का पेट पालता था। वह शादीशुदा था और अपने पीछे पत्नी तथा दो छोटी-छोटी मासूम बेटियों को छोड़ गया है। इकलौते कमाने वाले बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उसकी पत्नी व माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने दी चेतावनी: “जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, नहीं करेंगे अंतिम संस्कार” घटना से गुस्साए ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। परिजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे तब तक जगमीत के शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे, जब तक पुलिस सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे नहीं भेज देती। परिजनों की मांग है कि सरेआम कत्ल करने वाले इन अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए ताकि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके।
पुलिस का बयान: आरोपियों की तलाश में दबिश जारी जांच अधिकारी इंस्पेक्टर परमजीत कुमार ने बताया कि जगमीत सिंह और उसके साथी बेअंत सिंह का रेहड़ी वालों के साथ पैसों को लेकर विवाद हुआ था, जो हत्या में बदल गया। पुलिस ने पिता के बयानों के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *