![]()
जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत लोदाम क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पिकअप से चार गौवंशों को मुक्त कराया है। पुलिस के मुताबिक, गौवंशों को लेकर झारखंड की ओर जा रहा ड्राइवर पुलिस को देखकर वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। पीछा करने के दौरान भलमंडा के पास नेशनल हाईवे पर पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में लिया। आरोपी नजरुल अंसारी (24) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। गौ तस्करी में इस्तेमाल पिकअप क्रमांक JH-13F-1745 भी जब्त की गई है। मुखबिर की सूचना पर हाईवे में जांच शुरू पुलिस के अनुसार, 11 और 12 अक्टूबर की दरमियानी रात लोदाम थाना की टीम रात्रि गश्त पर थी। 12 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि जशपुर की ओर से एक पिकअप में गौवंश भरकर झारखंड ले जाए जा रहे हैं। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर पतराटोली के पास संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। सुबह करीब 4 बजे जशपुर की ओर से एक संदिग्ध पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक रुकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने लगा। भलमंडा के पास अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन का पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख ड्राइवर ने भलमंडा के पास वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप हाईवे पर पलट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में लिया। पिकअप की तलाशी में चार गौवंश मिले। टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकलवाया और वैटनरी डॉक्टर से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी पूछताछ में आरोपी की पहचान नजरुल अंसारी (24), निवासी ग्राम पनसो, कोटमा, जिला गुमला, झारखंड के रूप में हुई। पुलिस ने गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पशु क्रूरता और कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत केस पुलिस ने लोदाम थाना में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। गौ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी: एसएसपी एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी और पशु क्रूरता के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। जिले में ऐसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Source link
पुलिस को देखकर भाग रहा गौ-तस्कर,हाईवे पर पलटी पिकअप:4 गौवंश मुक्त, झारखंड का आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन शंखनाद के तहत लोदाम पुलिस की कार्रवाई
