![]()
बलरामपुर जिला चिकित्सालय बलरामपुर में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक के पद पर स्थानांतरण आदेश जारी होने के बावजूद प्रभार हस्तांतरण नहीं होने की शिकायत सामने आई है। शासन के 17 सितंबर के आदेश के 25 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी नवनियुक्त सिविल सर्जन को विधिवत प्रभार नहीं सौंपे जाने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में जिला अस्पताल के 25 डॉक्टरों सहित कुल 131 कर्मचारियों ने हस्ताक्षर कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में शासन के आदेश का तत्काल पालन कराने, प्रभार हस्तांतरण में हुई देरी की जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है। डॉ. रामप्रसाद तिर्की को सिविल सर्जन बनाने का आदेश ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 17 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर डॉ. रामप्रसाद तिर्की को जिला चिकित्सालय बलरामपुर का सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक नियुक्त किया है। वहीं, पूर्व पदस्थ अधिकारी डॉ. शशांक गुप्ता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में पदस्थ करने का आदेश जारी हुआ था। ज्ञापनकर्ताओं का आरोप है कि शासन के आदेश के बावजूद डॉ. शशांक गुप्ता ने नवनियुक्त सिविल सर्जन को अब तक विधिवत प्रभार नहीं सौंपा है। इससे आदेश के क्रियान्वयन में देरी हो रही है और अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था के सुचारु संचालन को लेकर चिंता बनी हुई है। अभिलेखों और प्रशासनिक दायित्वों सहित प्रभार देने की मांग कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि स्थानांतरण और नवीन पदस्थापना के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्यभार ग्रहण करने तथा प्रभार हस्तांतरण की औपचारिकताएं पूरी करनी चाहिए। ज्ञापनकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम, 1982 और स्थानांतरण नीति 2025 का उल्लेख करते हुए शासन के आदेशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है। देरी की जांच कर कार्रवाई करने की मांग ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर से मांग की गई है कि मामले में तत्काल संज्ञान लेकर पूर्व पदस्थ अधिकारी को सभी अभिलेख, वित्तीय और प्रशासनिक दस्तावेज तथा अन्य संबंधित दायित्वों सहित प्रभार नवनियुक्त सिविल सर्जन को सौंपने के निर्देश दिए जाएं। इसके साथ ही प्रभार हस्तांतरण में हुई देरी की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग भी की गई है। ज्ञापन पर जिला चिकित्सालय के 25 डॉक्टरों सहित कुल 131 कर्मचारियों के हस्ताक्षर हैं।
Source link
बलरामपुर में सिविल सर्जन को प्रभार नहीं सौंपा:जिला अस्पताल में 25 दिन बाद भी नहीं हुआ हैंडओवर, 131 कर्मचारियों ने कलेक्टर से शिकायत की
