![]()
शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में सैटबैक और सीलिंग प्रकरण में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद व्यापारियों और स्थानीय निवासियों द्वारा शनिवार को कमिश्नरी पर धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया है । स्कीम नंबर-7 के तहत 8 अप्रैल को सील किए गए अस्पतालों, चिकित्सकों के क्लीनिकों और स्कूलों से जुड़े संचालकों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है। प्रदर्शन सुबह 11 बजे से प्रस्तावित है। धरने के लिए शुक्रवार देर शाम बाजार के व्यापारियों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सीलिंग कार्रवाई से व्यापार, स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है। उनका आरोप है कि लंबे समय से समाधान नहीं निकलने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और प्रशासन के माध्यम से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान सीलिंग कार्रवाई पर पुनर्विचार, प्रभावित प्रतिष्ठानों को राहत देने और व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग उठाई जाएगी। धरने को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है। कमिश्नरी परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की संभावना है ताकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में सीलिंग को लेकर पिछले कई महीनों से व्यापारी लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं। इससे पहले भी धरना, प्रदर्शन और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अपनी मांगें प्रशासन तक पहुंचाई जा चुकी हैं। शनिवार का प्रदर्शन इसी आंदोलन की अगली कड़ी माना जा रहा है।
Source link
शास्त्रीनगर के व्यापारी आज कमिश्नरी पर देंगे धरना:अस्पताल-स्कूल संचालक भी होंगे शामिल, कल हुई बैठक के बाद हुई घोषणा
