![]()
आम आदमी पार्टी ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपना जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को अपने हल्के धूरी से पार्टी के घर-घर चुनाव प्रचार का औपचारिक आगाज किया। इस दौरान सीएम मान ने सरकार के साढे चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा और मान दा मुनाफा को अपने चुनावी अभियान का मुख्य केंद्र बिंदु बनाया। धूरी में लोगों के बीच पहुंचे सीएम मान ने दावा किया कि उनकी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के चलते आज हर परिवार को सालाना 1.82 लाख रुपये तक का सीधा वित्तीय लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली, बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और मावां धीयां सत्कार योजना जैसी पहलों की वजह से आम परिवारों की गाढ़ी कमाई बच रही है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के कारण हर परिवार को औसतन हर महीने करीब 15,000 रुपये की बचत हो रही है, जिससे लोग अब उस पैसे को अपने बच्चों, घरों और अन्य जरूरतों पर खर्च कर रहे हैं।
हर गांव में हो रहा है करोड़ों का विकास ग्रामीण विकास पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब हर गांव को विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये सीधे मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के हर पंचायत को सड़कें, गलियां, ड्रेनेज, पेयजल, खेल के मैदान और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए फंड जारी किए गए हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य यही है कि आम जनता के पैसे का इस्तेमाल आम जनता के हित में ही किया जाए। प्रचार दौरान सीएम ने विपक्ष पर साधा निशाना विरोधी पार्टियों पर कड़ा प्रहार करते हुए सीएम मान ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी आपसी कलह से जूझ रही है, जबकि अकाली दल का जनाधार पूरी तरह से खत्म हो चुका है। उन्होंने ड्रग्स के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी को भी घेरा और कहा कि जो लोग आज ड्रग्स को लेकर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। सकारात्मक प्रचार पर रहेगा जोर- सीएम मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आप का पूरा चुनाव प्रचार सकारात्मक सोच पर आधारित होगा। पार्टी व्यक्तिगत या नकारात्मक टिप्पणियों के बजाय अपने काम के आधार पर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह 2022 में पंजाब की जनता ने अपना प्यार और आशीर्वाद दिया था, उसी तरह इस बार भी लोगों का भारी समर्थन मिल रहा है। धूरी से शुरू हुआ यह डोर-टू-डोर अभियान अब पूरे पंजाब के हर घर तक पहुंचाया जाएगा।
Source link
