.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर अमृतसर में कांग्रेस जिला प्रधान के खिलाफ FIR है। यह केस कांग्रेस की ही महिला नेता ने करवाई है। महिला नेता का आरोप है कि जिला प्रधान ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की, गलत व्यवहार किया।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. कांग्रेस नेत्री ने अपनी पार्टी के जिलाध्यक्ष पर FIR कराई

अमृतसर में कांग्रेस के जिला प्रधान सौरभ मदान उर्फ मिट्ठू के खिलाफ पार्टी की पंजाब पीसीसी डेलीगेट शिवानी शर्मा की शिकायत पर FIR दर्ज हुई है। शिवानी शर्मा ने आरोप लगाया कि 3 अक्टूबर को सौरभ मदान अपने गनमैन और ड्राइवर के साथ उनके घर पहुंचे।
शिवानी ने कहा- सौरभ मदान ने मेरे साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की। विरोध करने पर धक्का देकर गिरा दिया गया। घर के बाहर रखे गमले भी तोड़ दिए और घर में काम करने वाली महिलाओं के साथ गलत व्यवहार किया।
थाना मकबूलपुरा पुलिस ने शिवानी के बयान के आधार पर BNS की चार धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी इस मामले में जिला प्रधान सौरभ मदान का कोई बयान सामने नहीं आया है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. इन्फ्लुएंसर का मर्डर, 2 गैंगस्टरों ने जिम्मेदारी ली

अमृतसर में इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू (29) की शनिवार शाम लोहारका रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसने इससे करीब एक घंटे पहले 5 बजे इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की थी, जिसमें उसने पंजाबी सिंगर जी खान का गाना लगाया- वे मैनूं माही मिला दे…वे ढोलना…
इसके बाद 6 बजे जब मैड संधू अपनी कार धुलवाने के लिए गया। इसी दौरान बाइक पर पहुंचे दो युवकों में से एक ने उसके बिल्कुल करीब आकर गोलियां चला दीं। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इस हत्या की जिम्मेदारी पहले गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने ली। इसके बाद लक्की जोहल स्पेन ने भी एक ऑडियो जारी कर मैड संधू की हत्या की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, दैनिक भास्कर दोनों गैंगस्टरों के दावे की पुष्टि नहीं करता है। (पढ़ें पूरी खबर)
3. अकाली दल के 3 सर्वे, BJP से गठजोड़ जरूरी

पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच गठबंधन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व ने गठबंधन की बात को सार्वजनिक नहीं किया है। इस गठबंधन में अब अकाली दल पुनर सुरजीत की भी एंट्री हो सकती है, जिन्हें भाजपा अपने कोटे से सीटें देगी।
वहीं, अकाली दल के उम्मीदवारों को गठबंधन की घोषणा का इंतजार है। शहरी सीटों पर चुनाव लड़ने वाले SAD नेता अभी साइलेंट हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि गठबंधन की स्थिति में शहरी सीटें भाजपा के पास जाएंगी। उधर, SAD ने इंटरनल सर्वे करवाया, जिसमें यह बात सामने आई कि पार्टी को भाजपा के साथ गठबंधन में ही चुनाव लड़ना चाहिए।
अकाली दल के एक सीनियर नेता ने बताया कि पार्टी गठबंधन को लेकर 3 सर्वे करवा चुकी है और तीनों में यही बात सामने आई कि 2027 के लिए गठबंधन बेहद जरूरी है। सीनियर नेता की मानें तो गठबंधन की घोषणा जल्द हो सकती है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. रेप केस कराने वाली ब्लॉगर बोली- गंदे मैसेज आ रहे

मोहाली में पंजाबी सिंगर गुरविंदर सिंह उर्फ गुरी पर रेप का केस दर्ज कराने वाली लेडी ब्लॉगर और बिजनेस वुमन ने एक वीडियो जारी किया। इसमें उसने सोशल मीडिया पर उसे लेकर चल रहे आरोपों और वायरल वीडियो को लेकर सफाई दी है।
उसने दावा किया कि सोशल मीडिया पर उसे ब्लैकमेलर बताकर 20 लाख रुपए लेने और 5 रेप केस दर्ज करवाने जैसी झूठी बातें फैलाई जा रही हैं। उसने 5 शादियां होने और 5 करोड़ रुपए लेने के आरोपों को भी नकारा।
ब्लॉगर ने गुरी पर कई लड़कियों को ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि उसके फोन में करीब 180 लड़कियों की फोटो मिली हैं और काफी डाटा रिकवर हुआ है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके बिजनेस नंबर पर अश्लील मैसेज और कॉल आ रहे हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक कमेंट किए जा रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
5. वड़िंग के इस्तीफे के बाद चन्नी के बेटे का बघेल पर तंज

पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर 4 महीनों तक चली खींचतान और पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद अब कांग्रेस के पूर्व पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल का पुराना बयान चर्चा में है।
जुलाई में नेतृत्व परिवर्तन की मांग पर बघेल ने कहा था, क्या यह कोई गुड्डा-गुड़िया का खेल है कि बार-बार निर्णय बदल दिया जाए? अब वड़िंग के पद से हटने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बेटे रिधमजीत ने चन्नी की फोटो पोस्ट की, जिसपर लिखा- गुड्डा गुड्डी ओह जांदे…”
जुलाई में पूर्व CM चन्नी और उनके समर्थक नेता राजा वड़िंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान कांग्रेस के तत्कालीन पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि हाईकमान का फैसला अंतिम है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. पूर्व सरपंच का मर्डर भाई ने करवाया

लुधियाना के लाडोवाल इलाके में गांव मनेवाल के पूर्व सरपंच नवतेज सिंह उर्फ नीटू (60) की हत्या उसके भाई ने ही करवाई थी। हमलावर बाइक पर आए थे और उन्होंने पूर्व सरपंच की इनोवा पर करीब 10 राउंड फायरिंग की।
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने हत्याकांड के बारे में बताया कि यह एक पुराना पारिवारिक और जमीन विवाद है। घटना शनिवार देर शाम की है। फायरिंग की यह पूरी घटना कार के कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पूर्व सरपंच को गंभीर हालत में उन्हीं की गाड़ी में डीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नवतेज को कितनी गोलियां लगीं, इसकी सटीक जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। मृतक की गाड़ी में लगे डैशबोर्ड कैमरे में हमलावरों की बिल्कुल साफ फोटो आ गई है। इसमें से एक हमलावर की पहचान कर ली गई है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. मैड संधू मर्डर, कुल्हड़ पिज्जा कपल बोला- इसीलिए पंजाब छोड़ा

जालंधर के वायरल कुल्हड़ पिज्जा कपल ने मैड संधू मर्डर को लेकर पंजाब सरकार को घेरा है। इंफ्लुएंसर ने कहा कि पंजाब में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या को लेकर सोशल मीडिया पर गुस्सा चरम पर है।
सहज अरोड़ा ने दिनदहाड़े हो रही हत्याओं और सुरक्षा व्यवस्था की बदहाली पर दुख जताते हुए सरकार और समाज की सोच पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
सोशल मीडिया पर जारी एक संदेश में उन्होंने कहा, “समझ नहीं आता पंजाब को किसकी नजर लग गई है! हर दूसरे-तीसरे दिन किसी न किसी की गोली मारकर या काटकर हत्या कर दी जाती है। मैड संधू की खबर सुनकर गहरा झटका लगा है। आम जनता के बीच दिनदहाड़े गोलियां चलना अब पंजाब में बिल्कुल सामान्य बात बना दी गई है। इसी से तंग आकर हमने पंजाब छोड़ा था।” (पढ़ें पूरी खबर)
8. टक्कर मारकर भाग रहे कार ड्राइवर को पकड़कर पीटा

मोहाली के सन्नी एनक्लेव इलाके में शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार ग्रे रंग की किआ सोनेट कार (PB65AZ-5589) ने कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग घरों से बाहर निकले, तो देखा कि कुछ युवक आरोपी कार ड्राइवर को पीट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, कार ड्राइवर नशे की हालत में था। सन्नी एनक्लेव में घुसने से पहले उसने चंडीगढ़ हाईवे पर निज्जर चौक के पास एक अन्य कार को 2 बार टक्कर मारी और भागने लगा। इसके बाद उस कार में सवार 3 युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
पीछा किए जाने से घबराकर आरोपी ड्राइवर सन्नी एनक्लेव में पुलिस चौकी वाली गली की तरफ मुड़ गया, जहां चौकी से मात्र 50 मीटर की दूरी पर मकान नंबर 138-बी के बाहर खड़े वाहनों से जा टकराया। यहीं उसे पकड़कर पीटा गया। (पढ़ें पूरी खबर)
9. दामाद का दोस्तों संग ससुराल में हंगामा, सास-ससुर पीटे

लुधियाना के थाना टिब्बा क्षेत्र के अंतर्गत आती राजू कॉलोनी में घरेलू विवाद के चलते 2 पक्षों के बीच हिंसक मारपीट हुई। इस पूरी वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक युवक और उसके माता-पिता को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटते दिख रहे हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस कार्रवाई करने के बजाय उन पर राजीनामे का दबाव बना रही है।
सिविल लाइन के निवासी मनीष ने बताया कि उसकी बहन पूजा की शादी करीब 12 साल पहले संजीव के साथ हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं। मनीष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से उसकी बहन को प्रताड़ित किया जा रहा था और अक्सर मारपीट की जाती थी। पहले भी कई बार विवाद हुए, लेकिन हर बार परिजन के हस्तक्षेप से समझौता करवा दिया जाता था। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके
10. STF अफसर बनकर आया मंगेतर, लाखों की ठगी

अंबाला में शादी के लिए रिश्ते की तलाश कर रही युवती को मैट्रिमोनियल साइट पर रिश्ता जोड़ना महंगा पड़ गया। उसने मैट्रिमोनियल साइट पर जिस लड़के से दोस्ती की, वह एक ठग निकला। अपने झांसे में लेकर वह लड़की के पूरे परिवार से लाखों रुपए कैश और जेवर ठग ले गया।
आरोपी ने खुद को पंजाब STF का एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अधिकारी बताया, 80 करोड़ रुपए की संपत्ति होने का दावा किया और परिवार में शादी का रिश्ता तय करने का भरोसा दिया।
बाद में युवती के दस्तावेजों पर लोन ले लिया, उसके भाई के मोबाइल पर आए OTP का इस्तेमाल किया और घर से करीब 25 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए गए।
कमाल की बात यह भी है कि पीड़ित परिवार ने न केवल आरोपी विद्युत उर्फ विशाल पर केस दर्ज करवाया है, बल्कि अपने बेटी के खिलाफ भी धोखाधड़ी, चोरी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में केस दर्ज करवाया है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
