व्यक्ति ने मरने से पहले वीडियो बनाया। उसमें उसने अपने ससुरालवालों को मौत का जिम्मेदार ठहराया।
अमृतसर में एक व्यक्ति ने अपने ससुराल में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड से पहले उसने एक वीडियो शूट किया, जिसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इस वीडियो में व्यक्ति ने अपनी पत्नी और ससुरालवालों को ही अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।
.
उसने रोकर कहा- मैं आज अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहा हूं। मैं बहुत परेशान हो गया हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार मेरा ससुराल परिवार है। मेरे ससुराल परिवार के जितने भी सदस्य हैं- साले, सालियां, सभी मेरी मौत के जिम्मेदार हैं। मैं अपनी लीला खत्म कर रहा हूं।
व्यक्ति के परिजन का आरोप है कि उसकी आत्महत्या की खबर ससुरालवालों ने नहीं, बल्कि वहां के पड़ोसियों ने दी। इसके बाद से सभी ससुरालीजन फरार हैं। मृतक की पहचान तजिंदर सिंह के रूप में हुई है। वह वेरका इलाके का रहने वाला था। 15 साल पहले उसकी शादी गुज्जरपुरा में हुई थी। उसके 2 बच्चे हैं।

मॉर्च्युरी से व्यक्ति का शव लेकर आते परिजन।
मृतक के भाई ने ये बातें कहीं
- भाई को टॉर्चर करता था ससुराल परिवार: मृतक के छोटे भाई कुलविंदर सिंह ने बताया कि उनका बड़ा भाई अपनी पत्नी और ससुराल परिवार से परेशान था। उसने कई बार अपने दिल की बात ससुराल परिवार को बताई। आरोप है कि पूरा ससुराल परिवार उसके भाई को ही टॉर्चर करता रहा और अपनी बेटी को नहीं समझाता था।
- अनजान नंबर से मौत की सूचना मिली: कुलविंदर सिंह के मुताबिक, भाई को दबाव में रखा जाता था और उसे हमारे पास रहने से भी मना किया जाता था। तजिंदर ने रविवार शाम को सुसाइड किया। उसके परिवार को करीब साढ़े 9 बजे एक अनजान नंबर से फोन आया, जिससे पता चला कि तजिंदर ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी है।
- ससुराल परिवार ने मौत के बारे में बताया भी नहीं: उसने ससुराल परिवार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि परिवार ने उसे घटना की जानकारी तक नहीं दी और मोहल्ले के लोगों से उसे इस बारे में पता चला।
- ससुराल परिवार फरार हो गया: उसने बताया कि मृतक के दो बच्चे हैं- एक लड़का और एक लड़की। कुलविंदर ने कहा कि बच्चों की जिंदगी बिल्कुल खराब हो गई है, क्योंकि अब उन्हें न मां का प्यार मिलेगा और न पिता का। उसके मुताबिक, ससुराल परिवार के लोग घर पर नहीं मिले। सभी फरार हैं।

पुलिस वीडियो और मामले की जांच कर रही
परिजन ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और तजिंदर की ओर से बनाए गए वीडियो की भी जांच में शामिल करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का पोस्टमॉर्टम करवा दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, परिवार के बयानों, वीडियो और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
जालंधर में 2 पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ फंदा लगाया:लिखा- एक्स गर्लफ्रेंड शादी का प्रेशर बना रही, सब इंस्पेक्टर ने घर आकर धमकाया

जालंधर में 44 साल के व्यक्ति ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। 24 अगस्त को उसका शव घर के पिछले हिस्से में एक पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकार पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा दिया। पढ़ें पूरी खबर…
