Headlines

BJP नेता अश्विनी शर्मा के घर के बाहर धमाका:पठानकोट की न्यू बैंक कॉलोनी में अफरातफरी, जांच में पटाखा निकलने की बात; युवक से पूछताछ




भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पठानकोट से विधायक अश्विनी शर्मा के घर न्यू बैंक कॉलोनी के बाहर शनिवार तड़के धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई देने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षा एजेंसियों के साथ पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। हालांकि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमाके की आवाज किसी विस्फोट की नहीं, बल्कि एक स्थानीय युवक द्वारा छोड़े गए तेज पटाखे की थी। सुबह करीब 4:30 बजे चंडीगढ़ रवाना हुए थे शर्मा जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4:30 बजे अश्विनी शर्मा अपने निवास से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए थे। इसके करीब एक घंटे बाद, सुबह लगभग 5:30 बजे उनके घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। पंजाब के मौजूदा सुरक्षा हालात और पठानकोट के संवेदनशील जिला होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियां, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। CCTV फुटेज से खुला मामला जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक स्थानीय युवक दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने युवक की पहचान अभिषेक के रूप में की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसी ने तेज आवाज वाला पटाखा फोड़ा था, जिससे लोगों को धमाके का आभास हुआ। पुलिस ने एहतियात के तौर पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उससे यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने पटाखा किस उद्देश्य से चलाया था और उसके पीछे कोई अन्य मंशा तो नहीं थी। एसपी बोले- घबराने की बात नहीं मौके पर पहुंचे एसपी मनोज ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल के संकेत नहीं मिले हैं। जांच में यह सामने आया है कि स्थानीय युवक अभिषेक ने पटाखा चलाया था। उससे पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *