SIR की जानकारी देते CEO प्रेरणा पुरी (फाइल फोटो)
चंडीगढ़ में वोटर लिस्ट को अपडेट और शुद्ध करने के लिए चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के तहत बड़े स्तर पर वेरिफिकेशन शुरू हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शहर के 1,38,070 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं।
.
इनमें से 93,193 यानी करीब 67.5% नोटिस अब तक संबंधित मतदाताओं तक पहुंच चुके हैं। अभियान के तहत डुप्लीकेट, मृतक और अयोग्य मतदाताओं के नामों की जांच की जा रही है, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाया जा सके।
घर-घर पहुंच रहे BLO, दस्तावेजों की हो रही जांच
SIR अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) फील्ड में जाकर मतदाताओं का वेरिफिकेशन कर रहे हैं। नोटिस मिलने के बाद मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जरूरी दस्तावेज जमा कराने होंगे। इन दस्तावेजों के आधार पर तय किया जाएगा कि उनका नाम वोटर लिस्ट में बरकरार रखा जाए या नहीं।

28,134 मामलों की हो चुकी सुनवाई
निर्वाचन विभाग के अनुसार, अब तक 28,134 मामलों की सुनवाई असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर्स (AERO) कर चुके हैं। इनमें से 20,343 मामलों का निपटारा हो चुका है, जबकि 7,791 मामले अभी जांच के स्तर पर हैं।
44,877 और मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस
अभियान के अगले चरण में बाकी मतदाताओं को भी नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके तहत 44,877 अतिरिक्त नोटिस जारी किए जाने हैं। दस्तावेजों और पात्रता की जांच के बाद वोटर लिस्ट में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
नाम कटने की स्थिति में क्या होगा?
निर्वाचन विभाग का उद्देश्य अपात्र नाम हटाने के साथ-साथ योग्य मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखना भी है। इसलिए नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं से तय समय सीमा के भीतर संबंधित BLO या AERO के समक्ष आवश्यक दस्तावेज जमा करने की अपील की गई है। समय पर दस्तावेज जमा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
नोटिस, दस्तावेज या मामले की स्थिति से जुड़ी किसी परेशानी के लिए मतदाता 1950 हेल्पलाइन, 1800-11-1950 टोल-फ्री नंबर, Voter Helpline App, Voters’ Service Portal या अपने क्षेत्र के BLO/AERO कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
