Headlines

CM नायब सैनी से मिला हरियाणा-पंजाब का घुमंतू समाज प्रतिनिधिमंडल:बोले-बच्चों को जरूर पढ़ाएं, शिक्षा ही बदलेगी आने वाली पीढ़ियों का भाग्य




हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विमुक्त एवं घुमंतू समाज का इतिहास स्वाभिमान, वीरता और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली गाथा है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद इस समाज ने अपनी मेहनत, कला, संस्कृति और आत्मसम्मान को जीवित रखा। मुख्यमंत्री ने समाज के लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें, क्योंकि शिक्षा ही आने वाली पीढ़ियों का भाग्य बदलने की सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री रविवार को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास संत कबीर कुटीर में हरियाणा और पंजाब की विभिन्न घुमंतू जातियों के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के इतिहास में विमुक्त एवं घुमंतू समाज के शूरवीरों और महापुरुषों का योगदान स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने भाई मक्खन शाह लबाना, भाई लखी शाह बंजारा, भाई निगाहिया और योद्धा भाई जैता के योगदान को याद किया। अखिल भारतीय डीएनटी कल्याण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह देसुजोदा, सतनाम सिंह संधू, हरियाणा घुमंतू जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन सरदार जसमेर सिंह बंजारा, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, सुनीता चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंग्रेजों ने बनाया था ‘क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट’ सीएम ने कहा कि समाज की वीरता और राष्ट्रभक्ति से अंग्रेजी हुकूमत भी परेशान थी। इसी के चलते अंग्रेजों ने वर्ष 1871 में क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट जैसा काला कानून बनाकर कई समुदायों को जन्मजात अपराधी घोषित कर दिया था। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 31 अगस्त 1952 को इस कानून का कलंक समाप्त हुआ। इसी ऐतिहासिक दिन को विमुक्ति दिवस के रूप में याद किया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल विमुक्ति दिवस मनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज को वे सभी अवसर और अधिकार मिलने चाहिए, जिनसे वह लंबे समय तक वंचित रहा। 702 घुमंतू परिवारों को प्लॉट दिए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हरियाणा में 1.60 लाख परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि करनाल, पलवल और रोहतक में 702 घुमंतू परिवारों को प्लॉट आवंटित किए गए हैं, जिससे उनके सुरक्षित भविष्य की नींव मजबूत हुई है। डॉ. आंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत मकान मरम्मत के लिए सहायता राशि 30 हजार से बढ़ाकर 80 हजार रुपए की गई है। इसके तहत 85,815 परिवारों को 416 करोड़ रुपए की सहायता दी गई। 500 रुपए में गैस सिलेंडर मुख्यमंत्री ने बताया कि गरीब परिवारों को मात्र 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसका लाभ 15 लाख से अधिक महिलाओं को मिला है। वहीं मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत बेटियों के विवाह के लिए 3.85 लाख परिवारों को 1,523 करोड़ रुपए की सहायता राशि दी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *