हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों में हाल ही में भर्ती हुए क्लर्कों को अब स्वतंत्र जिम्मेदारी संभालने से पहले इंडक्शन ट्रेनिंग दी जाएगी। मुख्य सचिव कार्यालय के ट्रेनिंग विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। ट्रेनिंग कार्य
.
HIPA के महानिदेशक मनोज यादव ने 18 अगस्त 2026 को मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को पत्र भेजकर नए भर्ती क्लर्कों के लिए व्यापक इंडक्शन ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद मुख्य सचिव कार्यालय के ट्रेनिंग विभाग ने 10 सितंबर 2026 को सभी प्रशासनिक सचिवों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव की ओर से जारी किया गया पत्र।
पहले बैच की ट्रेनिंग 5 से 30 अक्टूबर तक
पत्र के मुताबिक HIPA में नए भर्ती क्लर्कों के लिए पहला इंडक्शन ट्रेनिंग बैच 5 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक चलाने की योजना है। सभी प्रशासनिक विभागों से पिछले एक साल के दौरान भर्ती किए गए क्लर्कों के नामांकन भेजने को कहा गया है, ताकि उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था समय रहते की जा सके।

नौकरी ज्वाइन करने के बाद जल्द ट्रेनिंग देने पर जोर
HIPA ने सभी विभागों से कहा है कि भविष्य में जब भी नए क्लर्कों की भर्ती हो, उन्हें नियुक्ति के तुरंत बाद इंडक्शन ट्रेनिंग के लिए HIPA भेजा जाए। प्राथमिकता यह रहे कि क्लर्कों को स्वतंत्र जिम्मेदारियां सौंपने से पहले यह प्रशिक्षण पूरा कराया जाए।
नियमित कोर्स के रूप में विकसित करने की योजना
HIPA ने इस कार्यक्रम को भविष्य में नए भर्ती क्लर्कों के लिए नियमित इंडक्शन कोर्स के रूप में संस्थागत रूप देने की इच्छा जताई है। विभागों की आवश्यकता के अनुसार समय-समय पर प्रशिक्षण आयोजित किया जा सकेगा। HIPA ने इसके लिए सभी विभागाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
