![]()
रेवाड़ी जिले में हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने शुक्रवार को दौरा किया। इस दौरान उन्होंने इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर (IGU) और नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विश्वविद्यालय में अव्यवस्थाएं और सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। मीना परमार ने विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. असीम मिगलानी और डॉ. सीमा मिगलानी से मुलाकात कर छात्राओं की सुरक्षा और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें POCSO एक्ट, महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया। टॉयलेट के पास वाटर कूलर देख जताई नाराजगी विश्वविद्यालय परिसर के निरीक्षण के दौरान टॉयलेट के ठीक पास पीने के पानी का वाटर कूलर लगा देखकर मीना परमार ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे स्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर लापरवाही बताया और अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। परिसर में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर भी उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। बिना महिला ट्रेनर के जिम पर कार्रवाई की चेतावनी निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय में बिना महिला ट्रेनर के जिम संचालित होने का मामला भी सामने आया। इस पर वाइस चेयरपर्सन ने आपत्ति जताते हुए नियमों के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। IGU के पास पुलिस बीट की जरूरत मीना परमार ने कहा कि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के आसपास छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की मौजूदगी जरूरी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के नजदीक एक पुलिस बीट होनी चाहिए। इस संबंध में वह रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक से बातचीत करेंगी, ताकि छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
Source link
IGU में टायलेट के पास वाटर कूलर देख भड़की वाइसचेयरमैन:यूनिवर्सिटी और अस्पताल का किया निरीक्षण, छात्राओं की सुरक्षा पर दिया जोर
