जालंधर लाडोवाली रोड पर कार में की गई तोड़फोड़।
जालंधर के लाडोवाली रोड स्थित सागर अस्पताल के बाहर तोड़फोड़ और चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। अस्पताल में भर्ती पिता का हाल जानने पहुंचे परिवार की पार्क की हुई कार को अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने ईंटें मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
.
सूर्य एन्क्लेव निवासी अर्चित ने बताया कि उनके पिता UTI की समस्या के चलते सागर अस्पताल में भर्ती हैं। वह रविवार रात करीब 9:40 बजे अपनी मां के साथ अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल की पार्किंग में जगह न होने के कारण उन्होंने अपनी कार (PB 08 CH 0194) पास की गली में खड़ी की थी।
अर्चित के मुताबिक, कुछ देर बाद अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने कार पर ईंटों से हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि लोग मेहनत की कमाई से वाहन और सामान खरीदते हैं, लेकिन शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के कारण आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित अर्चित, जिसकी कार को लूट के इरादे से तोड़ा गया।
चोरी में नाकाम रहे तो कार पर बरसाईं ईंटें
पीड़ित के अनुसार, करीब दो घंटे बाद जब वे अस्पताल से बाहर आए तो कार की हालत देखकर हैरान रह गए। गाड़ी के शीशे टूटे हुए थे। अंदर ईंटें पड़ी थीं। पास स्थित केआर कांटा पर मौजूद एक चश्मदीद बच्चे ने बताया कि बाइक सवार दो नकाबपोश युवक वहां आए थे।
कार का दरवाजा खोलकर चोरी करने की कोशिश
उन्होंने पहले कार का दरवाजा खोलकर चोरी करने की कोशिश की, लेकिन अंदर दो चादरों के अलावा कोई कीमती सामान नहीं मिला। चोरी में नाकाम रहने के बाद बदमाशों ने गुस्से में कार पर ईंटें बरसा दीं और शीशे तोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची PCR टीम ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए। पुलिस के मुताबिक, आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
