खदान में अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
कोरबा SECL की दीपका विस्तार परियोजना में कार्यरत सीनियर ओवरमैन सुरेंद्र कुमार वर्मा का मंगलवार को ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। खदान में कार्य करते समय उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया,
.
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र कुमार वर्मा मंगलवार (4 अगस्त) सुबह रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। खदान के फेस पर कार्य के दौरान अचानक वे बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत उन्हें सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देकर बचाने का प्रयास किया।
इसके बाद बिना देर किए उन्हें एनसीएच हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।हॉस्पिटल में उनके शुभचिंतकों और परिजनों की भीड़ जुट गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सुरेंद्र कुमार वर्मा मूल रूप से ग्वालियर के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्र बेंगलुरु में कार्यरत है, जबकि पुत्री नोएडा (दिल्ली-एनसीआर) में नौकरी करती हैं। उनके आकस्मिक निधन से परिवार और सहकर्मियों में गहरा शोक है।
घटना की जानकारी मिलने पर दीपका एरिया के महाप्रबंधक अशोक कुमार, महाप्रबंधक (खनन) एन.के. साहू सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
