![]()
शिवपुरी में स्वतंत्रता दिवस पर माधव टाइगर रिजर्व से वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबर सामने आई है। रिजर्व में मादा बाघिन MT-4 अपने करीब तीन माह के शावक के साथ नजर आई है।
.
शावक की धुंधली तस्वीर भी सामने आई है। डीएफओ हरिओम ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बाघिन और शावक की लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही रिजर्व में अब तक तीन शावकों के जन्म की पुष्टि हो चुकी है।
बाघों का कुनबा बढ़ने का संकेत डीएफओ हरिओम के मुताबिक MT-4 के साथ दिखाई दिया शावक करीब तीन माह का है। रिजर्व प्रबंधन उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है। कैमरा ट्रैप और निगरानी के जरिए आने वाले दिनों में शावक की स्थिति और संख्या के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जाएगी।
इससे पहले सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाघिन MT-3 के दो शावकों के जन्म की जानकारी साझा की थी। उनके जन्म के बाद रिजर्व में बाघों की संख्या आठ हो गई थी।
अब MT-4 के शावक के साथ दिखने के बाद यह संख्या कम से कम नौ हो गई है। हालांकि, MT-4 के साथ अन्य शावक होने की पुष्टि होने पर संख्या बढ़ सकती है।
सिंधिया ने बताया संरक्षण प्रयासों की सफलता केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी स्वतंत्रता दिवस पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस खबर पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि 10 मार्च 2025 को माधव टाइगर रिजर्व में लाई गई MT-4 अब अपने नन्हे शावक के साथ दिखाई दी है। उन्होंने इसे मध्यप्रदेश की समृद्ध वन्यजीव विरासत और संरक्षण प्रयासों की सफलता बताते हुए इसे गर्व का क्षण बताया।
मार्च 2025 में मिला था टाइगर रिजर्व का दर्जा माधव राष्ट्रीय उद्यान को मार्च 2025 में केंद्र सरकार ने देश का 58वां और मध्यप्रदेश का 9वां टाइगर रिजर्व घोषित किया था। इसके बाद बाघ संरक्षण और निगरानी को लेकर गतिविधियां तेज हुई हैं।
रिजर्व में बाघिन MT-4 का शावक के साथ नजर आना संरक्षण प्रयासों के सकारात्मक परिणाम के तौर पर देखा जा रहा है। वन विभाग अब कैमरा ट्रैप और नियमित निगरानी के जरिए शावक की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।
आने वाले दिनों में रिजर्व में बाघों और शावकों की वास्तविक संख्या की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
