रायपुर25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रायपुर के पंडरी-मोवा इलाके में कार टकराने के विवाद के बाद कारोबारी से मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरी कार में सवार तीन युवकों ने पहले कारोबारी से गाली-गलौज की। इसके बाद उसके चेहरे पर 4-5 मुक्के मारे।
आरोपियों ने कारोबारी की शर्ट फाड़ दी और गले से सोने की चेन लूट ली। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। शिकायत के बाद पंडरी पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। पूरे मामले का खुलासा पुलिस के अधिकारी जल्द करेंगे।

कारोबारी की शिकायत पर पंडरी पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपियों के खिलाफ जांच शुरु की थी।
अशोका रतन गेट पर कार से टकराई दूसरी कार
शिकायतकर्ता अमन अग्रवाल (24) कैपिटल पैलेस, अवंति विहार निवासी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 10 सितंबर की शाम करीब 6:40 बजे वे अपनी नेक्सॉन कार से अशोका रतन के गेट नंबर-1 से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान एटी प्लाजा ओवरब्रिज की तरफ से आ रही काले रंग की एक कार उनकी कार से टकरा गई।
अमन के मुताबिक, वे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दूसरी कार का चालक और उसके साथ मौजूद दो युवक नीचे उतरकर उनकी कार के पास पहुंच गए। तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उनसे विवाद शुरू कर दिया।

कारोबारी के साथ हुई घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी।
नाक पर मुक्के मारे, चेन खींचकर भागे
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने अमन के चेहरे और नाक पर 4-5 मुक्के मारे। मारपीट के कारण उनकी नाक से खून निकलने लगा। इसके बाद आरोपियों ने उनकी शर्ट फाड़ दी और गले में पहनी सोने की चेन खींचकर ले गए। चेन खींचने से उनके गले में भी चोट आई।
वारदात के बाद तीनों आरोपी काली कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। अमन ने परिवार को घटना की जानकारी दी और पंडरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया है।

सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की शिनाख्त पुलिस ने की।
CCTV से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस को घटनास्थल का CCTV फुटेज मिल गया है। फुटेज में मारपीट और लूट की घटना रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से मिले साक्ष्य के आधार पर आरोपियों को पकड़ा है।

