![]()
नेपाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए श्री गुरु ग्रंथ साहिब की मर्यादा और मानवता की सेवा के उद्देश्य से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) का प्रतिनिधिमंडल नेपाल पहुंचा है। प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र बिदूर
.
एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देश पर नेपाल गए प्रतिनिधिमंडल में सदस्य भाई राजिंदर सिंह मेहता, भाई गुरचरण सिंह ग्रेवाल, एडवोकेट भगवंत सिंह सियालका और उप सचिव सरदार आजाद दीप सिंह शामिल हैं।
प्रशासन ने SGPC की अपील स्वीकार कर दिए निर्देश
प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल के गृह मंत्री मिस्टर सूदन और गृह विभाग के चीफ एग्जीक्यूटिव डॉ. दर्शन राज से भी मुलाकात की। इस दौरान एसजीपीसी की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री पहुंचाने को लेकर रास्ता खोलने और जरूरी अनुमति देने की मांग की गई। प्रशासन ने एसजीपीसी की अपील को स्वीकार करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं।
स्थानीय प्रशासन से तालमेल कर राहत कार्य आगे बढ़ाने की तैयारी
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भाई गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने नेपाल से जानकारी देते हुए बताया कि बिदूर क्षेत्र में पहुंचकर बाढ़ से हुई तबाही को अपनी आंखों से देखने के बाद हालात की गंभीरता का अंदाजा हुआ। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन और प्रभावित लोगों से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया गया कि उन्हें सबसे ज्यादा किस तरह की सहायता की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले नेपाल के गृह मंत्री और वित्त मंत्री के साथ भी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात हुई थी। उनके निमंत्रण पर ही बिदूर पहुंचकर राहत कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय प्रशासन और पीड़ित परिवारों के साथ तालमेल किया गया।
गौरतलब है कि नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। कई घर तबाह हो गए हैं, बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और अनेक परिवारों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है। एसजीपीसी ने प्रभावित लोगों तक राहत और जरूरी सामान पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। इस मौके पर नेपाल के सिख नेता सरदार अंगद सिंह और सरदार हरपाल सिंह भी मौजूद रहे।
