Headlines

अशोकनगर में अमाही तालाब से पानी चोरी पर बड़ी कार्रवाई:नगर पालिका ने पुलिस के साथ छापेमारी कर 4 मोटरें जब्त कीं,15 दिनों से मिल रही थीं शिकायतें




अशोकनगर में शहर की पेयजल व्यवस्था को प्रभावित कर रही अमाही तालाब से पानी चोरी के खिलाफ नगर पालिका और देहात थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार देर रात की गई छापेमारी में तालाब के भीतर चल रही चार मोटरें जब्त की गईं। इन मोटरों के जरिए तालाब का पानी निकालकर खेतों की सिंचाई की जा रही थी, जिससे शहर की एक लाख से अधिक आबादी की पेयजल आपूर्ति पर संकट गहरा रहा था। देर रात संयुक्त टीम ने मारा छापा नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) विनोद उन्नीतान के नेतृत्व में करीब 15 सदस्यीय टीम और देहात थाना पुलिस ने देर रात अमाही तालाब क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया। टीम ने तालाब के आसपास कई स्थानों पर तलाशी ली, जहां पानी के अंदर बड़ी क्षमता की मोटरें चलती हुई मिलीं। इन मोटरों से पाइपलाइन के माध्यम से पानी खेतों तक पहुंचाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान चारों मोटरों को मौके से जब्त कर लोडिंग वाहन में रखकर नगर पालिका परिसर लाया गया। 15 दिनों से मिल रही थीं शिकायतें नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, पिछले करीब 15 दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि रात के अंधेरे में कुछ लोग अमाही तालाब से अवैध रूप से पानी निकाल रहे हैं। पहले भी कई बार कार्रवाई की योजना बनाई गई थी, लेकिन सूचना पहले ही लीक हो जाने के कारण आरोपी मोटरें हटाकर फरार हो जाते थे। इस बार गोपनीय रणनीति के तहत अचानक छापेमारी की गई, जिससे आरोपियों को संभलने का मौका नहीं मिला और मोटरें मौके से जब्त कर ली गईं। पेयजल संकट के बीच बढ़ी चिंता जिले में इस बार सामान्य से कम बारिश होने के कारण अमाही तालाब का जलस्तर लगातार घट रहा है। यही तालाब शहर की पेयजल आपूर्ति का प्रमुख स्रोत है। ऐसे में सिंचाई के लिए अवैध रूप से पानी निकालने से आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गहरा सकता है। नगर पालिका का कहना है कि शहरवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई सीएमओ विनोद उन्नीतान ने बताया कि अमाही तालाब से पानी चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति तालाब से अवैध रूप से पानी निकालते हुए पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं तालाब से अवैध रूप से पानी निकाले जाने की जानकारी मिले तो तत्काल नगर पालिका या पुलिस को सूचित करें, ताकि शहर की पेयजल व्यवस्था को सुरक्षित रखा जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *