![]()
सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 1 बजे आई भीषण आंधी और तेज बारिश ने पठानकोट, दीनानगर, गुरदासपुर और आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचाई है। लगभग एक घंटे तक चले इस तूफान से क्षेत्र में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर दर्जनों पेड़ उखड़ने से कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, वहीं बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को पहुंचे भारी नुकसान से 200 से अधिक गांव अंधेरे में डूब गए हैं। मौजूदा हालात ये हैं कि पठानकोट-अमृतसर नेश्नल हाइवे ठप हो गया है। जिसके चलते पठानकोट से गुरदासपुर या अमृतसर जाने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। तूफान थमने के 10 घंटे बीत जाने के बावजूद हाइवे को एक ही साइड से शुरू किया जा सका है। स्कूल/कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी लौटे घर बता दें, नेश्नल हाइवे बाधित होने से पठानकोट डिपो की कई बसें पठानकोट से अमृतसर के लिए नहीं जा पाईं। वहीं, प्जिराइवेट बसें भी लदपालवां टोल प्लाजा के पास जाम में फंस गईं। जिससे रोजाना बेअंत कॉलेज, एसएसएम कॉलेज, जीएनडीयू गुरदासपुर और सरकारी कॉलेज गुरदासपुर जाने वाले विद्यार्थियों को रास्ते से ही वापिस लौटना पड़ा। नेशनल हाईवे पर 5 किमी लंबा ट्रैफिक जाम पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे पर दीनानगर से लदपालवां टोल प्लाजा के बीच दर्जनों विशालकाय पेड़ सड़क पर आ गिरे। इसके चलते हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और देखते ही देखते 5 किलोमीटर से भी अधिक लंबा जाम लग गया। सुबह प्रशासन द्वारा शुरू किए गए राहत कार्य के बाद हाईवे की केवल एक लेन को साफ कर यातायात के लिए खोला जा सका है, जबकि दूसरी लेन पर काम जारी रहने के कारण रास्ता बंद है। इसी तरह गुरदासपुर से बहरामपुर जाने वाली सड़क पर भी कई बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 200 गांवों में बिजली ठप, पेयजल संकट गहराया तूफान के कारण सरना से आने वाली 66 केवी की मुख्य हाई टेंशन लाइन के तार टूट गए हैं। इसके चलते पावरकॉम के तीन प्रमुख सब-स्टेशनों दीनानगर, तारागढ़ और गोबिंदसर की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है। दीनानगर शहर सहित आसपास के करीब 200 गांवों में पिछले 8 घंटे से अधिक समय से बिजली नहीं है, जिससे लोगों को पानी और अन्य दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभागों की कार्रवाई और जनता की मांग बिजली विभाग के एसडीओ हरविंदर सिंह ने बताया कि अचानक आए तूफान से कई पोल उखड़ गए हैं। पावरकॉम के कर्मचारी सुबह से ही क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत में जुटे हैं ताकि जल्द से जल्द सप्लाई बहाल की जा सके। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि सड़कों से गिरे पेड़ों को तुरंत हटाकर दोनों लेनों को पूरी तरह सुचारू किया जाए और बिजली आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए।
Source link
आधी रात आए तूफान से पठानकोट-अमृतसर हाईवे ठप:पेड़ गिरने से 5 किमी लंबा जाम, 200 गांव अंधेरे में, आम जनजीवन प्रभावित
