Headlines

करनाल में महिला की संदिग्ध मौत:बेटियों ने पिता पर जताया हत्या का शक,सिर से खून बहता मिला शव




करनाल की रामदेव कॉलोनी स्थित ब्रह्मानंद चौक में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मृतका की बेटियों ने अपने ही पिता पर हत्या का शक जताया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। बेटी ज्योति का आरोप: पिता के हाथ में था हथियार
मृतका की पहचान सीता के रूप में हुई है। मृतका की बेटी ज्योति ने बताया कि घटना के समय वह अपनी बहन और मां के साथ एक ही कमरे में सो रही थी। अचानक उसकी बहन पर हमला हुआ, जिसकी चीख सुनकर वह उठी। अंधेरा ज्यादा होने के कारण साफ दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन उसके पिता भीम के हाथ में कोई हथियार था। उसी दौरान उसकी मां सीता पास में पड़ी थी और उनके सिर से खून बह रहा था। जब उन्हें उठाने की कोशिश की तो कोई हरकत नहीं हुई। सुबह पिता को भागते देखा, पहले भी करते थे मारपीट
ज्योति ने बताया कि उन्हें शक है कि उनके पिता ने ही मां की हत्या की है। उसने कहा कि उसके पिता शराब के आदी हैं और अक्सर पैसे मांगते थे। पैसे न देने पर वह मारपीट करते थे। एक दिन पहले भी शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर झगड़ा हुआ था और उन्होंने धमकी दी थी। सुबह के समय उन्हें पिता को भागते हुए भी देखा गया। मां करती थी घरों में काम, पिता कारपेंटर
परिवार के अनुसार सीता घरों में काम करके परिवार का गुजारा चला रही थी, जबकि भीम कारपेंटर का काम करता था लेकिन शराब ज्यादा पीता था। घटना से एक दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। रात करीब 8 बजे सीता काम से घर लौटी थी और परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। सुबह हुई वारदात, शोर सुनकर जुटे लोग
ज्योति ने बताया कि रात में बारिश हो रही थी और सुबह के समय यह घटना हुई। जब उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन सीता को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच में जुटी, शिकायत देने की तैयारी
परिजनों ने पुलिस को शिकायत देने की बात कही है ताकि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई हो सके। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *