![]()
करनाल जिले के गांव रंबा में एक व्यक्ति के संदिग्ध हालात में लापता होने का मामला सामने आया है। 7 अगस्त से गायब व्यक्ति को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मामले की शिकायत सदर थाना में दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि गुरूदेव को जल्द बरामद नहीं किया गया तो वे सड़क पर उतरकर धरना देंगे। परिवार के अनुसार, गुरूदेव सिंह 7 अगस्त को अचानक लापता हो गया था। उसके भाई जसविंद्र सिंह ने बताया कि उसी दिन गांव के एक युवक के साथ गुरूदेव का झगड़ा हुआ था, जिसमें उसके साथ मारपीट भी की गई थी। बाद में गुरूदेव की स्कूटी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में पड़ी हुई मिली, जिससे परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने बताया कि गुरूदेव का मोबाइल फोन घर पर ही मिला, जिससे शक और गहरा गया है। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, दी धरने की चेतावनी
जसविंद्र सिंह का कहना है कि उनके भाई का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह शांत स्वभाव का व्यक्ति था। ऐसे में परिवार को शक है कि आरोपियों ने उसकी हत्या कर शव कहीं छिपा दिया है। परिजनों ने कहा कि अगर गुरूदेव किसी के पास है तो उसे तुरंत वापस किया जाए, अन्यथा वे सड़क पर बैठकर धरना देने को मजबूर होंगे। अप्रिय घटना की आशंका
गांव के सरपंच गुरविंद्र सिंह ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि जिस हालत में स्कूटी मिली है, उससे किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है और कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए। क्या कहती है पुलिस
सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि गुरूदेव के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। परिवार द्वारा जिस युवक पर शक जताया गया है, उससे भी पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल गुरूदेव का कोई सुराग नहीं लग पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Source link
करनाल में व्यक्ति संदिग्ध हालात में लापता:परिजनों ने जताई हत्या की आशंका,स्कूटी खेत के पास मिली, परिवार का आरोप-मारपीट के बाद हुआ गायब
