कुशीनगर में घायल बेटे अस्पताल से किया डिस्चार्ज:तमकुहीराज में एनएच पर हुए हादसे में पिता-पुत्र की हुई थी मौत




कुशीनगर में तमकुहीराज क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर दुर्घटना में पिता सुरेश सिंह और उनके सेना में जवान बेटे सुधांशु शेखर सिंह की मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल दूसरे बेटे हिमांशु शेखर सिंह को इलाज के बाद सोमवार भोर करीब 4 बजे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से छुट्टी मिल गई। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में सुरेश सिंह और उनके बेटे सुधांशु शेखर सिंह की जान चली गई, जबकि हिमांशु शेखर सिंह घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव शुरू किया। घायल हिमांशु को पहले स्थानीय स्तर पर इलाज दिलाया गया। हालत को देखते हुए उन्हें देर रात गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। भोर 4 बजे अस्पताल से मिली छुट्टी, परिजन साथ लेकर लौटे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के बाद हिमांशु की हालत में सुधार हुआ। पारिवारिक जानकारी के अनुसार सोमवार भोर करीब 4 बजे डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी। इसके बाद परिजन उन्हें अपने साथ लेकर लौट आए। दूसरी ओर, मृत पिता-पुत्र के शव जिला मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस लाए गए। यहां परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंचते रहे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की तैयारी चलती रही। छपरा के बंगरा से बेतिया तक कारोबार ने बनाया नया ठिकाना परिवार के सदस्य अमित कुमार सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पर घटना की जानकारी देते हुए बताया कि परिवार मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव का रहने वाला है। पिछले काफी समय से परिवार अपने कारोबार के सिलसिले में बिहार के बेतिया में रह रहा था। परिवार का ट्रांसपोर्ट और हार्डवेयर का कारोबार है। पिता सुरेश सिंह मुख्य रूप से कारोबार संभालते थे। परिवार के लोगों के मुताबिक, उनका ज्यादातर समय व्यवसाय से जुड़े कामों में ही गुजरता था। एक बेटा सेना में जवान, दूसरा कर रहा इंटर की पढ़ाई हादसे में जान गंवाने वाले सुधांशु शेखर सिंह सेना में जवान थे। परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं। वहीं घायल हिमांशु शेखर सिंह अभी इंटर की पढ़ाई कर रहे हैं। एक ही हादसे में पिता और जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक तरफ जवान बेटे को खोने का गम है, तो दूसरी तरफ परिवार के मुखिया सुरेश सिंह की मौत ने कारोबार और परिवार दोनों को गहरा झटका दिया है। घायल हिमांशु के अस्पताल से लौटने के बाद अब परिजनों का पूरा ध्यान अंतिम संस्कार और परिवार को संभालने पर है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *