![]()
गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड स्थित छोटकी सरिया में रविवार देर रात एक घर से करीब सात लाख रुपए के जेवरात और पांच हजार रुपए नकद की चोरी हो गई। चोरों ने वारदात को अंजाम देते हुए घर के एक कमरे में कथित तौर पर स्प्रे का इस्तेमाल किया, जिससे परिजनों को भनक नहीं लगी। गृहस्वामी राजू मंडल ने बताया कि रविवार रात करीब 2 बजे चोर उनके घर में घुसे। उन्होंने राजू मंडल के बेटे अनु राज मंडल के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद दूसरे कमरे में रखी अलमारी और बक्से से नकदी और जेवरात चुरा लिए। राजू मंडल के अनुसार, चोरी गए जेवरात की कीमत लगभग सात लाख रुपए है, जबकि पांच हजार रुपए नकद भी चुराए गए। राजू मंडल को रात करीब ढाई बजे उनके बेटे ने फोन कर चोरी की जानकारी दी। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बेटे का कमरा बाहर से बंद था और दूसरे कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। परिजनों ने आशंका जताई है कि चोरों ने कमरे में किसी प्रकार का स्प्रे किया था, जिससे घर में मौजूद लोगों को घटना का पता नहीं चला। सुबह अनुराज मंडल के सिर में दर्द होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, स्प्रे के इस्तेमाल की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। चोरी में इस्तेमाल किया गया एक छोटा बक्सा घर के बाहर खेत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है और गृहस्वामी से आवेदन प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
गिरिडीह में घर से 7 लाख के जेवरात, नकदी चोरी:कमरे में स्प्रे कर चोरी की आशंका, घर में मौजूद लोगों को घटना की नहीं हुई जानकारी
