Headlines

गिरिडीह में तालाब में पांच महिलाएं डूबी:एक महिला-किशोरी की मौत, ग्रामीणों ने 3 महिलाओं को बचाया; नहाने के दौरान हुआ हादसा




गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के भिखी गांव में शुक्रवार को तालाब में डूबने से एक महिला और एक किशोरी की मौत हो गई। यह घटना एक श्राद्धकर्म के दौरान हुई, जब पांच महिलाएं तालाब में स्नान कर रही थीं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीन अन्य महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया। जानकारी के अनुसार, भिखी गांव में एक परिवार में श्राद्धकर्म का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान परिवार और गांव की कुछ महिलाएं पास के तालाब में स्नान करने पहुंची थीं। स्नान के क्रम में अचानक पांच महिलाएं गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। महिलाओं को डूबता देख तालाब में मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना देर किए तालाब में उतरकर सभी महिलाओं को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कलवतीया देवी (44) और अंजली कुमारी (17) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीन महिलाओं का प्राथमिक उपचार किया गया, जिनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही गावां थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद अस्पताल परिसर में ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि श्राद्धकर्म के बीच हुई इस दुखद घटना ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *