![]()
गुरुग्राम नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को ट्रंक मार्केट क्षेत्र में एक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन न होने और प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग के मामलों में कार्रवाई की गई। कुल 40 दुकानदार एवं ठेली चालकों के चालान काटे गए और 32 हजार 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई संयुक्त आयुक्त-6 डॉ. प्रीतपाल सिंह के निर्देश पर जोन-6 में सफाई निरीक्षक और सहायक सफाई निरीक्षक की टीम द्वारा की गई। टीम ने बाजार क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया और उन दुकानदारों व प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की, जिन्होंने नगर निगम के स्वच्छता और प्लास्टिक प्रतिबंध संबंधी नियमों का उल्लंघन किया था। दुकानदारों को डस्टबिन रखने के दिए निर्देश अभियान के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों और दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्हें बताया गया कि प्रत्येक प्रतिष्ठान पर डस्टबिन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए और प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद किया जाए। साथ ही, उन्हें स्वच्छता नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने इस संबंध में कहा कि गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक-मुक्त बनाने के लिए निगम लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने सभी नागरिकों, व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि वे अपने परिसर में डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करें, प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करें और स्वच्छ गुरुग्राम के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें।
Source link
गुरुग्राम में 40 दुकानदारों के काटे गए चालान:32 हजार 500 रुपए का जुर्माना लगाया, डस्टबिन और सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर कार्रवाई
