Headlines

महानदी में जलस्तर बढ़ा, रिसॉर्ट से 24 लोग बचाए गए:पुलिस-होमगार्ड ने सुरक्षित निकाला; अमेठी-रीवासरार में भी बाढ़ का असर




बलौदाबाजार जिले में मूसलाधार बारिश के कारण महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। इससे बल्दाकछार स्थित ‘द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट’ चारों ओर से पानी से घिर गया, जिसमें 24 लोग फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस, नगर सेना (होमगार्ड) और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने त्वरित बचाव अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। लगातार बारिश से महानदी का जलस्तर बढ़ने के कारण रिसॉर्ट का बाहरी क्षेत्र से संपर्क टूट गया था। इसमें पर्यटक, रिसॉर्ट कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण शामिल थे। डायल-112 के माध्यम से घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। नगर सेना के जवानों ने नावों और अन्य आवश्यक संसाधनों का उपयोग कर बचाव अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों सहित सभी 24 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीम राहत अभियान के दौरान लगातार मौके पर मौजूद रही। पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि सूचना मिलते ही नगर सेना और पुलिस की संयुक्त टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था। टीम ने सभी फंसे हुए लोगों को सफलतापूर्वक सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में लगातार बारिश के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने महानदी और अन्य नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों तथा पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है। जलभराव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इस बीच, अमेठी एनीकेट के उफान पर आने से एक गांव घिर गया, जहां से 5 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। रीवासरार में भी 7 परिवारों के 35 लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। मोहान का गोठान भी पानी में डूब गया है और पानी गांव तक पहुंच गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *