![]()
झालावाड़ में प्रदेश स्तरीय महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जयपुर से आईं उपमहानिरीक्षक ममता गुप्ता ने झालावाड़ पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। डीआईजी गुप्ता ने कहा कि उन्हें यह देखकर खुशी हुई कि झालावाड़ पुलिस महिलाओं के लिए बहुत सक्रियता से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि यदि कोई महिला अपनी शिकायत दर्ज नहीं भी करा पाती है, तो भी पुलिस स्वयं आगे आकर शिकायत दर्ज करती है। अपराधी को गिरफ्तार करती है और मामले की फाइल पूरी करती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छोटी सी सूचना मिलने पर भी पुलिस तत्परता से कार्रवाई करती है। डीआईजी ने कहा कि झालावाड़ पुलिस ने महिला सुरक्षा संगम कार्यक्रम को बहुत अच्छे से संचालित किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा बताए गए मामलों में अनुसंधान इतना बेहतर किया गया है कि अपराधियों को सजा मिलना तय है, क्योंकि पुलिस ने पुख्ता सबूत जुटाए हैं। ममता गुप्ता ने कहा कि यह राजस्थान सरकार और राजस्थान पुलिस की प्राथमिकता है कि महिलाओं के लिए ऐसा वातावरण तैयार किया जाए, जहां वे निडर होकर अपना काम कर सकें। उन्होंने झालावाड़ पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे शिकायत दर्ज नहीं होने पर भी मामले का अंत तक पीछा करती है। झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत कर बताया कि महिला अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए झालावाड़ पुलिस ने कई मामलों में स्वयं फरियादी बनकर कानूनी कार्रवाई की और सम्भावित गंभीर अपराधों को घटित होने से पहले ही रोक लिया। इस दौरान कानूनी व डिजिटल सुरक्षा की व्यापक जानकारी प्रतिभागियों को नवीन न्याय संहिता, राजकॉप एप, पोक्सो ई-बॉक्स, महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला बीट अधिकारी योजना, वन स्टॉप सेंटर और गुड टच बैड टच के संबंध में विस्तार से जागरूक किया। एडिशनल एसपी भागचन्द मीना ओर महिला अनुसंधान सेल एडिशनल एसपी श्योराजमल मीना ने पुलिस की ओर से महिलाओं से जुड़े सुरक्षा कानून व्यवस्था को लेकर जानकारी दी। इस दौरान डीवाईएसपी पूजा नागर समेत पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।
Source link
महिला अपराधों में झालावाड़ पुलिस की प्रो-एक्टिव कार्यशैली:महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत पीजी कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित
